उपायुक्त ने की NEET परीक्षा के तैयारियों की समीक्षा

खूँटी : उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय सभागार में NEET परीक्षा-2026 के सफल, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त आयोजन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा से संबंधित सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारियों ने भाग लिया।
उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित NEET (UG) परीक्षा-2026 का आयोजन दिनांक 21 जून 2026 को अपराह्न 2:00 बजे से 5:00 बजे तक किया जाएगा। खूँटी जिले में परीक्षा के लिए पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय, डुमरदग्गा, खूंटी को परीक्षा केंद्र बनाया गया है।
बैठक में उपायुक्त ने NEET (UG) परीक्षा की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी संबंधित अधिकारियों को अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि परीक्षा का संचालन राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा जारी दिशा-निर्देशों एवं मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
उपायुक्त ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस बल को समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचकर अपनी उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने परीक्षा प्रारंभ होने से पूर्व सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जांच करने तथा परीक्षार्थियों के प्रवेश, फ्रिस्किंग एवं बायोमेट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने को कहा।
उन्होंने परीक्षा केंद्र में स्थापित सीसीटीवी कैमरों, बायोमेट्रिक उपकरणों तथा अन्य तकनीकी संसाधनों को पूरी तरह क्रियाशील रखने के निर्देश दिए। साथ ही सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पेयजल, चिकित्सा सहायता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को सुचारू बनाए रखने पर विशेष बल दिया।

उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का आयोजन शांतिपूर्ण, पारदर्शी एवं कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए परीक्षा के सफल संचालन को सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में अपर समाहर्ता श्रीमती सुषमा लकड़ा, डीएसपी मुख्यालय, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक, सिटी कॉर्डिनेटर-सह-प्रधानाध्यापक, केंद्राधीक्षक एवं अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *