उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने पंचघाघ एवं पेरवाघाघ जलप्रपात का किया स्थल निरीक्षण
खूँटी: जिले में पर्यटन विकास को बढ़ावा देने एवं पर्यटकों के लिए बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से उपायुक्त मो० जावेद हुसैन द्वारा आज मुरहू प्रखंड स्थित पंचघाघ एवं तोरपा प्रखंड स्थित पेरवाघाघ जलप्रपात का विस्तृत निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विकासात्मक कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी कार्यों को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सर्वप्रथम उपायुक्त ने पंचघाघ जलप्रपात का निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध पर्यटक सुविधाओं, स्वच्छता व्यवस्था एवं सुरक्षा उपायों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पर्यटकों की सुविधा एवं सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत उपायुक्त ने पेरवाघाघ जलप्रपात का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वेलकम गेट, रेस्टोरेंट, रिसॉर्ट, बम्बू कॉटेज, चिल्ड्रन पार्क, सीढ़ी, शौचालय, गजीबो, वॉच टावर, स्टाफ क्वार्टर एवं दुकान सहित अन्य निर्माणाधीन संरचनाओं का विस्तार से निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालक अभियंता (एनआरईपी) को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि पर्यटकों को बेहतर अनुभव प्राप्त हो सके।
निरीक्षण क्रम में उपायुक्त ने पर्यटकों के लिए बैठने की व्यवस्था, शौचालय, वाहन पार्किंग एवं अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं के विकास को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों पर आने वाले पर्यटकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए तथा सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
ㅤ
उपायुक्त ने सभी पर्यटन स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष बल दिया। उन्होंने पर्यटकों एवं स्थानीय लोगों से क्षेत्र को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की। साथ ही प्लास्टिक मुक्त वातावरण सुनिश्चित करने तथा कचरा प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने जलप्रपातों में जलस्तर की स्पष्ट मार्किंग करने, संवेदनशील स्थलों पर बैरिकेडिंग लगाने एवं आवश्यक चेतावनी संकेतक स्थापित करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की संभावना को रोका जा सके।
निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला खेल एवं पर्यटन पदाधिकारी राजेश कुमार, कार्यपालक अभियंता (एनआरईपी), संबंधित क्षेत्र के प्रखंड विकास पदाधिकारी, सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।



