मुरहु स्वास्थ्य केंद्र में उप प्रमुख ने किया निरीक्षण, निर्माण में मिली खामियां, ठेकेदार को लगाई फटकार

गणादेश,खूंटी : मुरहु प्रखंड के उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने शुक्रवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मुरहु का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ डॉक्टर आशुतोष तिग्गा भी मौजूद थे।

गौरतलब है कि उप प्रमुख की पहल पर जिला उपायुक्त ने स्वास्थ्य केंद्र परिसर में पेवर ब्लॉक और महिला-पुरुष शौचालय निर्माण की स्वीकृति दी थी। टेंडर के माध्यम से कार्य भी शुरू हुआ, लेकिन निरीक्षण में गंभीर त्रुटियां सामने आईं।

जांच में पाया गया कि शौचालय निर्माण में टाई बीम का उपयोग किए बिना ही दीवारें खड़ी की जा रही थीं। उप प्रमुख ने मौके पर ही ठेकेदार को बुलाकर सवाल-जवाब किया। ठेकेदार ने अपनी गलती स्वीकार की, जिसके बाद अधूरा व त्रुटिपूर्ण निर्माण ध्वस्त कर दिया गया। अब कार्य पुनः सही तकनीक से टाई बीम डालकर शुरू किया जाएगा।

उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि “जनता की सुविधा के लिए हो रहे कार्यों में गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। गलत कार्य किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है।”

वहीं डॉक्टर आशुतोष तिग्गा ने उप प्रमुख की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा कि “अरुण साबू अपने क्षेत्र के विकास कार्यों पर विशेष ध्यान देते हैं। खासकर स्वास्थ्य संबंधी कार्यों में वे तुरंत कार्रवाई करते हैं और गलतियों को सुधरवाते हैं।”

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एक साधारण शौचालय में इतनी गंभीर जांच की जा रही है तो बड़े भवनों के निर्माण में भी सख्ती बरतनी जरूरी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *