खूंटी में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग, झविमो के पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने डीसी को दिया पत्र

खूंटी : जिले में लगातार हो रही सड़क दुर्घटनाओं से जन-धन की हो रही क्षति को देखते हुए सड़क सुरक्षा नियमों को सख्ती से लागू करने की मांग जोर पकड़ रही है। इस संबंध में झविमो के पूर्व जिला अध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने उपायुक्त आर रॉनिटा,एसडीओ और जिला परिवहन पदाधिकारी को पत्र दिया है। पत्र के माध्यम से दिलीप मिश्रा ने कहा है कि सड़क सुरक्षा से जुड़े बुनियादी प्रावधानों को लागू कर कई हादसों को रोका जा सकता है।

स्थानीय स्तर से जिला प्रशासन को भेजे गए सुझावों में कहा गया है कि प्रत्येक प्रखंड मुख्यालय में विशेष शिविर लगाकर ड्राइविंग लाइसेंस और परिवहन अनुज्ञप्ति की सुविधा उपलब्ध कराई जाए। इससे दूरदराज के लोगों को समय और धन की बचत होगी।

इसके साथ ही मुख्य सड़कों, स्कूल-कॉलेजों, अस्पतालों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में रबर स्पीड बंपर लगाने की मांग की गई है।

ट्रैक्टर और ट्रकों के पीछे लाइट की व्यवस्था न होने से शाम और बारिश के समय दुर्घटनाएं अधिक हो रही हैं। इसको ध्यान में रखते हुए जिले के सभी ट्रैक्टर-ट्रकों पर लाल रंग का रिफ्लेक्टिव स्टिकर लगाने का आदेश जारी करने की जरूरत बताई गई है।

इसी तरह बालू, चिप्स, बोल्डर और डस्ट से भरे ट्रैक्टर-ट्रकों को तिरपाल या प्लास्टिक से ढकने की अनिवार्यता की भी मांग उठाई गई है। खुले में ढुलाई से उड़ने वाली धूल न सिर्फ सड़क पर चलने वाले बाइक सवारों और अन्य लोगों को परेशान करती है, बल्कि दुर्घटनाओं की एक बड़ी वजह भी बनती है।

स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से अपील की है कि इन बिंदुओं पर शीघ्र कार्रवाई कर सड़कों को सुरक्षित बनाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *