तोरपा के पेरवाघाट और पांडुपुंडिंग जलप्रपात तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत की मांग तेज
खूंटी: बिरसा की धरती खूंटी जिले के तोरपा प्रखंड अंतर्गत फटका पंचायत में स्थित पेरवाघाट और पांडुपुंडिंग जलप्रपात तक जाने वाली जर्जर सड़क की मरम्मत को लेकर स्थानीय लोगों ने फिर आवाज उठाई है। इसी क्रम में पूर्व झाविमो जिला अध्यक्ष दिलीप मिश्रा ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र भेजकर दो वर्ष पूर्व दिए गए सरकारी निर्देशों को अमल में लाने की मांग की है।
मिश्रा ने पत्र में लिखा है कि पेरवाघाट और पांडुपुंडिंग झारखंड के बेहद खूबसूरत जलप्रपातों में शामिल हैं, जिनकी ऊँचाई लगभग 100 फीट है और घने जंगलों के बीच बहता झरना पर्यटकों को आकर्षित करता है। बावजूद इसके, इन जलप्रपातों तक जाने वाली सड़कें वर्षों से जर्जर हैं और पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि खराब सड़कें न सिर्फ सैलानियों के लिए परेशानी का कारण बन रही हैं, बल्कि इससे खूंटी जिला प्रशासन और राज्य सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में उल्लेख किया कि दो वर्ष पहले मुख्यमंत्री और तत्कालीन राज्यपाल द्वारा पर्यटन स्थल विकसित करने की घोषणा की गई थी और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए थे, लेकिन आज तक किसी भी तरह की पहल नहीं हुई।
दिलीप मिश्रा ने मांग की है कि सरकार शीघ्र कार्रवाई करते हुए दोनों जलप्रपातों तक सुगम एवं सुरक्षित सड़क का निर्माण कराए, ताकि पर्यटन को बढ़ावा मिल सके और ग्रामीणों को आर्थिक लाभ मिल सके। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि सड़क निर्माण जल्द शुरू नहीं हुआ तो इलाके की प्राकृतिक खूबसूरती का लाभ राज्य को नहीं मिल पाएगा



