खूंटी में महिला कॉलेज निर्माण के लिए 57 करोड़ की स्वीकृति,कैबिनेट का फैसला
रांची: मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की अध्यक्षता में शुक्रवार को प्रोजेक्ट भवन मंत्रिपरिषद की बैठक हुई। इसमें 26 प्रस्तावों पर मुहर लगी। कैबिनेट सचिव वंदना दादेल ने कैबिनेट की बैठक मुई गए फैसले पर बताया कि उच्च और तकनीकी शिक्षा विभाग के तहत खूंटी में महिला कॉलेज की स्थापना के लिए 57 करोड़ रुपए और ईचागढ़ में डिग्री कॉलेज की स्थापना के लिए 38.76 करोड़ रुपए की स्वीकृति भी दी गई। इसके अलावा, झारखंड राजकीयकृत प्रारंभिक शिक्षक प्रोन्नति नियमावली 2025 के गठन को भी मंजूरी मिली।
राष्ट्रीय एड्स नियंत्रण संगठन के निर्देश पर झारखंड राज्य लेजिस्लेटिव फोरम ऑफ एचआईवी-एड्स का गठन किया जाएगा। यह फोरम जिला स्तर पर एड्स नियंत्रण केंद्रों को मजबूत करने के लिए बनाया जा रहा है। फोरम के अध्यक्ष विभागीय मंत्री होंगे और इसमें स्पीकर द्वारा मनोनीत पांच विधायक भी शामिल होंगे।
वहीं सरकार ने झारखंड हिन्दू न्यास बोर्ड को हर साल तीन करोड़ रुपए अनुदान देने का निर्णय लिया है। इसके साथ ही झारखंड राज्य लेजिस्लेटिव फोरम ऑफ एचआईवी-एड्स के गठन का भी निर्णय लिया गया है। बैठक में रांची-अरगोड़ा चौक से रिंग रोड तक फोर लेन सड़क के निर्माण के लिए 141 करोड़ रुपए और विवेकानंद स्कूल मोड़ से रिंग रोड तक साइकिल ट्रैक और सर्विस रोड के निर्माण के लिए 301 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई।
इसके अलावा झारखंड दिवस पर पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को सम्मानित करने के लिए झारखंड राज्यपाल पदक की संख्या 11 से बढ़ाकर 21 और सराहनीय सेवा के लिए 31 से बढ़ाकर 60 करने का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया है। पथ निर्माण विभाग के अंतर्गत रांची में अरगोड़ा से रिंग रोड तक फोर लेन सड़क के निर्माण के लिए 141 करोड़ रुपए की स्वीकृति दी गई है।यह निर्माण पुराना विधानसभा भवन के निकट विवेकानंद रोड से रिंग रोड तक किया जाएगा।इसके अलावा, सिमडेगा-कुरडेग से छत्तीसगढ़ सीमा तक सड़क निर्माण के लिए 38 करोड़ रुपए का प्रस्ताव भी मंजूर किया गया।झारखंड राज्य राजमार्ग प्राधिकार ने सर्विस रोड, फुटपाथ और साइकिल ट्रैक के निर्माण के लिए 301.12 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति दी है।



