निर्माणाधीन योजनाओं को गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करें: डीसी
खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन की अध्यक्षता में समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला अंतर्गत विभिन्न विभागों की कार्यकारी एजेंसियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में संचालित पुल-पुलिया, सड़क, भवन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों एवं योजनाओं की प्रगति तथा प्रतिवेदनों की विस्तृत समीक्षा की गई। ㅤ
बैठक के दौरान उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के पूर्ण एवं अपूर्ण कार्यों की समीक्षा करते हुए लंबित योजनाओं के कारणों की जानकारी संबंधित अधिकारियों से प्राप्त की। उन्होंने सभी कार्यपालक अभियंताओं को निर्देशित किया कि निर्माणाधीन योजनाओं को निर्धारित समयावधि में पूर्ण कराया जाए तथा कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। ㅤ
उपायुक्त ने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क निर्माण योजना, पथ निर्माण विभाग, एनआरईपी सहित अन्य विभागों के अंतर्गत संचालित सड़क, पुल-पुलिया एवं भवन निर्माण कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी योजनाओं में गति लाने एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। ㅤ
बैठक में उपायुक्त ने अनटाइड फंड के प्रभावी उपयोग करने के निर्देश दिए गए। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के कार्यों की भी समीक्षा उपायुक्त द्वारा की गई। उपायुक्त ने नियमित रूप से जल गुणवत्ता परीक्षण (वाटर टेस्टिंग) कराने तथा एमवीएस, इन्टेक वेल एवं अन्य पेयजल योजनाओं के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। ㅤ
बैठक में उप विकास आयुक्त श्री प्रवीण कुमार प्रकाश, जिला योजना पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता ग्रामीण विकास विशेष प्रमंडल, ग्रामीण कार्य विभाग, भवन प्रमंडल, एनआरईपी, पथ प्रमंडल सहित विभिन्न विभागों के कार्यपालक अभियंता एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। ㅤ



