उपायुक्त ने डिजिटल कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
खूंटी: उपायुक्त मो० जावेद हुसैन ने आज समाहरणालय परिसर से डिजिटल कृषि रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि कृषि क्षेत्र में नई तकनीकों एवं वैज्ञानिक पद्धतियों की जानकारी किसानों तक पहुंचाना समय की आवश्यकता है। डिजिटल कृषि रथ के माध्यम से जिले के किसानों को आधुनिक खेती, उन्नत बीज, फसल प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई जाएगी।ㅤ
उपायुक्त ने कहा कि किसानों की आय में वृद्धि एवं कृषि उत्पादन को बेहतर बनाने के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। डिजिटल कृषि रथ जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर किसानों को कृषि संबंधी नवीन जानकारियों से अवगत कराएगा तथा उन्हें योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित करेगा।ㅤ
डिजिटल कृषि रथ का मुख्य उद्देश्य किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों एवं नवीन कृषि पद्धतियों की जानकारी देना है। साथ ही कम वर्षा की स्थिति में की जा सकने वाली वैकल्पिक फसलों एवं जलवायु अनुकूल कृषि पद्धतियों के संबंध में भी किसानों को जागरूक किया जाएगा।ㅤ
रथ के साथ कृषि, भूमि संरक्षण, उद्यान, आत्मा, कृषि विज्ञान केंद्र सहित विभिन्न विभागों के विशेषज्ञों एवं कर्मियों को प्रतिनियुक्त किया गया है, जो भ्रमण के दौरान किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करेंगे। प्रत्येक दिन किसान गोष्ठी का आयोजन कर किसानों को उन्नत खेती, फसल प्रबंधन, प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण तथा विभागीय योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी।ㅤ
यह डिजिटल कृषि रथ आगामी 15 दिनों तक जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं सुदूरवर्ती ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण करेगा तथा किसानों के बीच व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगा, जिससे अधिक से अधिक कृषक आधुनिक कृषि तकनीकों एवं योजनाओं का लाभ प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर जिला कृषि पदाधिकारी, परियोजना निदेशक आत्मा सहित कृषि विभाग के अन्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।



