भागलपुर में अतिक्रमण पर कड़ा प्रहार: 15 स्थानों पर चला एक्शन, रू 50 हजार जुर्माना, समान ज़ब्त

भागलपुर। शहर की लगातार बढ़ती भीड़ और जाम की समस्या को नियंत्रित करने के लिए बुधवार को जिला प्रशासन ने अतिक्रमण विरोधी मोर्चा जोरदार तरीके से संभाल लिया। सुबह से ही प्रशासनिक टीमें सड़कों पर उतरीं और तिलकामांझी थाना क्षेत्र में व्यापक अभियान चलाया गया। लक्ष्य मुख्य मार्गों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात को पटरी पर लाना।

नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और प्रशासन की संयुक्त टीम ने फुटपाथ कब्जा कर कारोबार कर रहे दुकानदारों, सड़क किनारे ठेला-खोमचा वालों और जहां-तहां खड़े वाहनों पर तत्काल एक्शन लिया।

पहले से चिह्नित 15 जाम-प्रभावित रूट इस कार्रवाई के दायरे में हैं, जिन पर चरणबद्ध तरीके से ऑपरेशन चलाया जाएगा।

ट्रैफिक डीएसपी संजय कुमार, सिटी मैनेजर असगर अली, अतिक्रमण शाखा प्रभारी जयप्रकाश यादव और स्थानीय थाना पुलिस पूरे अभियान में मौजूद रहे।

दिनभर चली कार्रवाई के दौरान करीब 50 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। अवैध रूप से सड़क पर खड़े वाहनों के चालान काटे गए और कई दुकानों से फुटपाथ पर बढ़े सामान ट्रक में लादकर जब्त किए गए। दुकानदारों को माइकिंग के जरिए साफ चेतावनी दी गई – ‘स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाएं, वरना अगली बार होगी कड़ी कार्रवाई।’

सिटी मैनेजर असगर अली ने कहा कि यदि हटाए गए अतिक्रमण की स्थिति फिर पाई गई तो संबंधित दुकानदारों और वाहन मालिकों पर और अधिक भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही भागलपुर स्टेशन से तातारपुर चौक तक विशेष अभियान चलाने की तैयारी है।

प्रशासन का संदेश बिल्कुल स्पष्ट है – सड़क की सीमा से बाहर बढ़ाए गए शेड, देहली, दुकान का सामान, ठेला-खोमचा या नाली के ऊपर कब्जा… कुछ भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

अभियान की सख्ती और तेज़ी से साफ है कि जिला प्रशासन इस बार किसी भी प्रकार की ढिलाई देने के मूड में नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *