मैट्रिक-इंटर परीक्षा संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी सम्मानित
भागलपुर। मैट्रिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2025 के सफल, निष्पक्ष और सुचारु संचालन में उल्लेखनीय योगदान देने के लिए भागलपुर के जिला पदाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी को राज्यस्तरीय सम्मान से नवाज़ा गया। मेधा दिवस 2025 के अवसर पर पटना में बिहार विद्यालय परीक्षा समिति द्वारा आयोजित भव्य समारोह में यह सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में बिहार के माननीय शिक्षा मंत्री तथा शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव ने संयुक्त रूप से डीएम डॉ. चौधरी को प्रशस्ति-पत्र और सम्मान-चिह्न देकर सम्मानित किया। समिति द्वारा बताया गया कि परीक्षा अवधि के दौरान भागलपुर जिले में पारदर्शिता, सुरक्षा व्यवस्था, केंद्रों के सतर्क निरीक्षण तथा नकलविहीन परीक्षा सुनिश्चित करने में जिला प्रशासन ने उत्कृष्ट भूमिका निभाई।
डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी के नेतृत्व में जिले में परीक्षा केंद्रों की निरंतर मॉनिटरिंग, नियंत्रण कक्ष की सक्रियता, संवेदनशील केंद्रों पर विशेष निगरानी तथा सभी परीक्षा व्यवस्थाओं के समय पर अनुपालन को राज्य स्तर पर सराहा गया।समारोह में मौजूद अधिकारियों ने कहा कि भागलपुर जिले ने इस वर्ष परीक्षा संचालन के क्षेत्र में एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। सम्मान प्राप्त करने के बाद डीएम डॉ. चौधरी ने इसे पूरे प्रशासनिक दल, शिक्षकों, निरीक्षकों और सहयोगी कर्मियों की संयुक्त उपलब्धि बताया।



