भोजपुरी के अश्लील गीतों को लेकर बिहार विधान परिषद में नोकझोंक

पटना : भोजपुरी के अश्लील गीतों को लेकर विधान परिषद में गुरुवार को पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। राजद सदस्य सुनील कुमार सिंह ने भोजपुरी में अश्लील गीतों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि ऐसे-ऐसे गीत हैं कि उसका जिक्र करने से पहले महिला सदस्यों के कान में रुई लगाना होगा। इसी के साथ उन्होंने जेब से रुई निकालते हुए कहा कि मैं रुई लाया भी हूं। उन्होंने कहा कि अश्लीलता को रोकने के लिए रेगुलेटरी अथॉरिटी जरूरी है।
उन्होंने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि भोजपुरी में अश्लील गीत गाने वाले रवि किशन, मनोज तिवारी को सांसद बना दिया गया है। अगर ऐसा होगा तो भोजपुरी में अश्लीलता कैसे रोकी जाएगी। इस पर भाजपा की ओर से नेता प्रतिपक्ष सम्राट चौधरी समेत अन्य सदस्यों ने आपत्ति जताई जिसके बाद दोनों ओर से हंगामा हो शुरू हो गया। सभापति ने दोनों पक्षों को शांत कराते हुए कहा कि जो सदन में मौजूद नहीं हैं, उनका नाम नहीं लिया जाना चाहिए।
उन्होंने भाजपा सांसद रवि किशन पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘लहंगा उठा देव रिमोट से’ गाने वाले रवि किशन थे। उन्हें विश्व गुरु बनाने वाले सांसद बना दिए।
आगे भाजपा सांसद मनोज तिवारी पर हमला बोलते हुए सुनील सिंह ने कहा कि ‘कुरती के टूटल बा बटनीयां’ गाने वाले गायक मनोज तिवारी थे। यह गाना विश्व गुरु बनाने वालों को बहुत अच्छा लग गया और उनको पार्टी से टिकट मिल गई। मनोज तिवारी दिल्ली से सांसद भी हो गए। इस दौरान भाजपा सदस्य हंगामा करने लगे। इस पर सभापति ने सुनील सिंह को कहा कि यह मामला गंभीर है, मगर आपने इसे दूसरी तरफ ले जाकर इसको कमजोर कर दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *