सीमा पर साज़िश, नेपाल के रास्ते बिहार में दाख़िल हुए जैश-ए-मोहम्मद के तीन आतंकी, अलर्ट पर पूरा राज्य
प्रदीप विद्रोही,भागलपुर। जब बिहार अपने चुनावी मौसम में व्यस्त है, तभी परछाइयों में एक ख़ामोश ख़तरा धीरे-धीरे अपनी दस्तक दे चुका है। पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े तीन खूंखार आतंकवादी, नेपाल की शांत वादियों को पार करते हुए बिहार की सरहद में दाख़िल हो चुके हैं।पुलिस मुख्यालय ने इन आतंकियों की तस्वीरें, नाम, और पासपोर्ट से जुड़ी जानकारियां साझा करते हुए राज्य के सभी ज़िलों को हाई अलर्ट पर रखा है। सूत्रों के अनुसार, ये तीनों आतंकवादी अगस्त के तीसरे सप्ताह में नेपाल बॉर्डर पार कर बिहार में प्रवेश कर चुके हैं।तीन आतंकियों की पहचान मोहम्मद उस्मान – बहावलपुर, (पाकिस्तान), आदिल हुसैन – उमरकोट, (पाकिस्तान) और हसनैन अली अवान – रावलपिंडी, (पाकिस्तान) के रूप में हुई है। तीनों पर भारत में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की आशंका जताई गई है। ऐसे में बिहार के चुनावी माहौल को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह सतर्क हैं। सहित सीमावर्ती जिलों में खुफिया एजेंसियों को चौकन्ना रहने और स्थानीय स्तर पर आसूचना संकलन का निर्देश दिया गया है। हर संदिग्ध गतिविधि पर कड़ी नजर रखी जा रही है।मालूम हो कि नेपाल सीमा के रास्ते पाकिस्तानी आतंकियों की घुसपैठ की यह कोई पहली घटना नहीं है। सितंबर 2024 में मोतिहारी पुलिस ने बरहपुरा (भागलपुर) निवासी नजरे सद्दाम को जाली नोट के साथ नेपाल सीमा से गिरफ्तार किया था। इससे पहले भी कई बार नेपाल बॉर्डर को आतंकी तत्वों ने सॉफ्ट एंट्री पॉइंट के तौर पर इस्तेमाल किया है।
पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की तुरंत सूचना स्थानीय थाने या हेल्पलाइन पर दें। चुनाव लोकतंत्र का उत्सव है, लेकिन सुरक्षा सबसे पहली ज़िम्मेदारी। हम सबको मिलकर सजग रहना होगा।



