के राजू के बयान पर विवाद के बीच कांग्रेस का प्रेस कॉन्फ्रेंस,कहा-आसुरी शक्ति के कारण कांग्रेस प्रत्याशी की हुई हार

रांची : राज्यसभा चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशी प्रणव झा की हार के बाद झारखंड की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। इस बीच झारखंड कांग्रेस ने अपने सभी 16 विधायकों की एकजुटता दिखाकर साफ संदेश देने की कोशिश की है कि कांग्रेस के भीतर किसी तरह की टूट या क्रॉस वोटिंग नहीं हुई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश और विधायक दल के नेता प्रदीप कुमार यादव की मौजूदगी में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में 12 विधायक शामिल हुए, जबकि चार अन्य विधायकों ने वीडियो संदेश जारी कर महागठबंधन समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार प्रणव झा को वोट देने की पुष्टि की।
कांग्रेस नेताओं ने भाजपा और राजद द्वारा लगाए जा रहे आरोपों को पूरी तरह निराधार, भ्रामक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस विधायक दल ने पूरी निष्ठा, अनुशासन और प्रतिबद्धता के साथ गठबंधन प्रत्याशी के पक्ष में मतदान किया है। कांग्रेस विधायकों ने सवाल उठाया कि जब महागठबंधन के पास 56 वोट थे और भाजपा तथा उसके सहयोगी दलों के पास मात्र 24 वोट, तो भाजपा समर्थित उम्मीदवार को मिले अतिरिक्त वोट आखिर कहां से आए।
कांग्रेस ने भाजपा पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि राज्यसभा चुनाव में असुरी शक्ति के आगे कांग्रेस की हार हो गई। चुनाव परिणाम ने एक बार फिर भाजपा की सूटकेस राजनीति और धनबल की संस्कृति को उजागर कर दिया है। नेताओं ने कहा कि भाजपा को यह जवाब देना चाहिए कि वह किसी झारखंडी नेता को उम्मीदवार क्यों नहीं बना सकी और बाहरी उम्मीदवार को मैदान में क्यों उतारना पड़ा। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव में पैसे के दम पर राजनीतिक सौदेबाजी की गई और झारखंडी अस्मिता की बोली लगाने का प्रयास हुआ।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि महागठबंधन के वोट इधर-उधर हुए हैं तो यह सिर्फ एक उम्मीदवार के साथ नहीं, बल्कि महागठबंधन और उसके नेता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के विश्वास के साथ भी विश्वासघात है। उन्होंने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करेंगे। साथ ही कांग्रेस ने सहयोगी दलों से सार्वजनिक बयानबाजी से बचने और तथ्यों के आधार पर आत्ममंथन करने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *