राज्यसभा चुनाव में नवगठित लोकतांत्रिक मोरचा पर भी टिकी रहेंगी नजरें

प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में ही आदित्य साहू के नाम की लिख दी गई थी पटकथा
रांचीः झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाला चुनाव काफी दिलचस्प होता नजर आ रहा है। भाजपा ने आदित्य साहू को उम्मीदवार बनाकर सभी को चौंका दिया है। हालांकि हजारीबाग में हुए बीजेपी प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में ही आदित्य साहू के उम्मीदवारी की पटकथा लिख दी गई थी। इससे पहले पूर्व सीएम रघुवर दास के नाम की चर्चा जोरों पर थी। सूत्रों के अनुसार पूर्व सीएम रघुवर दास के नाम पर कहीं न कहीं नवगठित लोकतांत्रिक मोरचा बाधक बन गया। राज्यसभा चुनाव में लोकतांत्रिक मोरचा पर सभी निगाहें टिकी रहेंगी। हालांकि लोकतांत्रिक मोरचा का गठन विधानसभा के भीतर मुद्दों को उठाने के लिए किया गया था। लेकिन राजनीति के गलियारों में इसकी अहम भूमिका भी चर्चा हो रही है। इस मोरचा के प्रमुख आजसू सुप्रीमो सुदेश महतो हैं। आजसू पार्टी एनडीए गठबंधन का हिस्सा है। ज्यादा संभावना है कि वे भाजपा प्रत्याशी का साथ देंगे। तीन अन्य विधायक भी अपने-अपने स्तर पर निर्णय लेंगे। इसमें निर्दलीय सरयू राय, अमित यादव और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के कमलेश कुमार सिंह शामिल हैं। जहां तक बीजेपी उम्मीदवार आदित्य साहू की बात है तो उनके नाम पर आजसू को भी कोई आपत्ति नहीं होगी। जानकारी के अनुसार बीजेपी की ओर से आधा दर्जन से अधिक पदाधिकारियों ने अपनी दावेदारी की थी। जिसमें रघुवर दास और वर्तमान राज्यसभा सदस्य महेश पोद्दार का भी नाम चर्चा में था। लेकिन इन सबसे इतर पार्टी ने गैर विवादित चेहरे आदित्य साहू पर भाजपा ने दांव लगाया है। आदित्य साहू प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश और पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास की भी पसंद बताए जाते हैं।
क्या है बीजेपी का गणित
बीजेपी को चुनाव में स्पष्ट जीत के लिए 28 विधायकों के समर्थन की जरूरत है लेकिन भाजपा के विधायकों की संख्या 26 ही है। ऐसे में चुनाव में जीत के लिए भाजपा को अपने सहयोगी आजसू की मदद लेनी ही होगी। आदित्य साहू 31 मई को नामांकन पत्र दाखिल करेंगे।झाविमो के तीन विधायकों में से बाबूलाल मरांडी भाजपा और प्रदीप यादव कांग्रेस के साथ हैं। एक अन्य विधायक बंधु तिर्की अयोग्य घोषित हो चुके हैं। मनोनीत एक विधायक वोट नहीं दे सकते।
झारखंड विधानसभा की स्थिति
झामुमो – 30
भाजपा – 25
कांग्रेस – 16
झाविमो – 02
आजसू पार्टी – 02
सीपीआइ माले – 01
राकांपा – 01
राजद – 01
अन्य – 02
मनोनीत – 01

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *