कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी की बैठक,छात्र आंदोलन सहित कई मुद्दे पर चर्चा

रांची : झारखंड प्रदेश कांग्रेस की पॉलिटिकल अफेयर्स कमिटी की बैठक मंगलवार को पुराना विधानसभा सभागार में हुई। बैठक में छात्र आंदोलन समेत राज्य से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की गई। विगत 24 दिनों से जारी छात्र आंदोलन के संदर्भ में सरकार द्वारा लिए गए फैसलों का स्वागत करते हुए प्रस्ताव पारित किया गया। इसमें राहुल गांधी, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन सहित राज्य सरकार के मंत्रियों एवं विधायकों के प्रति आभार जताया गया। कांग्रेस ने कहा कि छात्रों की मांगों को स्वीकार करना लोकतांत्रिक संवेदनशीलता का परिचायक है।
बैठक के बाद प्रदेश प्रभारी के. राजू ने कहा कि भर्ती परीक्षाओं में सुधार के लिए कांग्रेस अध्ययन कर ठोस रणनीति तैयार करेगी और सरकार को सुझाव देगी। एसआईआर के तहत मतदाता सूची से हटे नामों की सूची बीएलए को उपलब्ध कराने और छूटे मतदाताओं के नाम जुड़वाने के लिए संपर्क अभियान चलाने की बात कही।
के. राजू ने कहा कि माइंस मिनरल्स डेवलपमेंट एंड रेगुलेशन अमेंडमेंट एक्ट के खिलाफ कांग्रेस झारखंड में आंदोलन करेगी। पार्टी का मानना है कि इससे राज्य को आर्थिक नुकसान होगा। विस्थापन और भूमि अधिग्रहण के मामलों में 2013 के कानून को पूरी तरह लागू करने की मांग की जाएगी।
प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि आने वाला समय चुनौतीपूर्ण है। बैठक में जातीय जनगणना, एसआईआर, विस्थापितों के अधिकार, छात्रों के अधिकार तथा परीक्षा और शिक्षा व्यवस्था में सुधार समेत सात मुद्दों पर चर्चा हुई।
कांग्रेस विधायक दल के नेता प्रदीप यादव ने जातीय जनगणना में ओबीसी और सरना धर्म कोड के लिए अलग कॉलम नहीं होने पर आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन मुद्दों और विस्थापितों के अधिकारों की लड़ाई सड़क से सदन तक लड़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *