मतदाता अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस पूरी तरह सतर्क: महागामा में BLA-2 प्रशिक्षण शिविर में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह का आह्वान

गोड्डा : महागामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मेहरमा प्रखंड कांग्रेस कमेटी द्वारा सीमानपुर पंचायत के खिरौंधी में BLA-2 (बूथ लेवल एजेंट) प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में प्रखंड के विभिन्न बूथों से बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट, पंचायत अध्यक्ष, जनप्रतिनिधि और कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए।

प्रशिक्षण शिविर का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी बूथ स्तर तक पहुंचाना, मतदाता सूची में संभावित अनियमितताओं के प्रति संगठन को सजग और सशक्त बनाना था। प्रशिक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम जोड़ने, त्रुटियों के संशोधन और पात्र मतदाताओं के नाम कटने से रोकने की प्रक्रिया विस्तार से समझाई गई।

झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री सह महागामा विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि लोकतंत्र में हर वोट की अपनी अहमियत होती है और प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदान अधिकार सुरक्षित रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि SIR प्रक्रिया के दौरान संगठन की सजगता ही यह सुनिश्चित करेगी कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से न हटे।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर मतदाता सूची का सत्यापन करें और यदि किसी भी नागरिक को नाम जोड़ने या संशोधन में कठिनाई हो, तो कांग्रेस संगठन पूरी तत्परता से सहायता प्रदान करे।

मंत्री ने कहा कि कुछ राज्यों में मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की शिकायतें सामने आई हैं, मतदाताओं के नाम सूची से हटाने की घटनाएं लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए गंभीर चुनौती हैं इसलिए झारखंड में विशेष सतर्कता आवश्यक है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांग्रेस जनता की सेवा और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है राज्य में विभाजनकारी राजनीति को सफल नहीं होने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *