नए लेबर कोड के खिलाफ सीटू का प्रदर्शन, श्रम विभाग कार्यालय का घेराव
रांची:केंद्र सरकार द्वारा पारित चार नए लेबर कोड के विरोध में देशभर में चल रहे आंदोलनों के तहत राजधानी रांची में भी भारतीय ट्रेड यूनियन केंद्र (सीटू) के बैनर तले विभिन्न श्रमिक संगठनों ने श्रम विभाग कार्यालय का घेराव किया। इस दौरान बड़ी संख्या में मजदूर और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे।
मौके पर सीटू के प्रदेश महासचिव बिस्वजीत डे ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि चारों लेबर कोड मजदूर संगठनों से बिना कोई चर्चा किए लाए गए हैं। उन्होंने बताया कि कोविड काल के दौरान इन कानूनों को पारित किया गया था, जिसका लगातार मजदूर संगठनों ने विरोध किया, बावजूद इसके अब इन्हें मजदूर संगठनों से बातचीत किए बिना लागू करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने इसे दुर्भाग्यपूर्ण बताया।
बिस्वजीत डे ने कहा कि नए लेबर कोड लागू होने से ठेका प्रथा और अस्थायी रोजगार को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थायी नौकरियां लगभग खत्म हो जाएंगी। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि इन कानूनों से यूनियन बनाने, सामूहिक सौदेबाजी और हड़ताल जैसे मजदूरों के लोकतांत्रिक अधिकार कमजोर होंगे। प्रदर्शनकारियों के द्वारा लेबर कोड को मजदूर विरोधी और कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देने वाला बताया गया।



