हिन्दू जागृत मंच ने तुलसी पूजन का किया आयोजन, सैकड़ों लोग हुए शामिल
रांची: राजधानी रांची में हिन्दू जागृत मंच के तत्वावधान में तुलसी पूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सामाजिक कार्यकर्ता एवं संगठन के पदाधिकारी उपस्थित रहे। आयोजन का मुख्य उद्देश्य सनातन संस्कृति की परंपराओं को सहेजना और समाज में आध्यात्मिक चेतना को मजबूत करना रहा।
हिन्दू जागृत मंच के ऋषिनाथ शाहदेव ने बताया कि सनातन धर्म में तुलसी पूजन का विशेष और पवित्र स्थान है। तुलसी को न केवल धार्मिक दृष्टि से, बल्कि आध्यात्मिक और मानसिक शुद्धता का प्रतीक माना जाता है। उन्होंने कहा कि तुलसी पूजन से नकारात्मक विचारों का नाश होता है और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।
मंच के सदस्य निशांत यादव ने जानकारी दी कि वर्ष 2007 से लगातार प्रत्येक वर्ष 25 दिसंबर को तुलसी पूजन का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में पश्चिमी संस्कृति का प्रभाव तेजी से बढ़ रहा है, जिससे हमारी परंपराएं और सांस्कृतिक मूल्य प्रभावित हो रहे हैं। ऐसे में अपने धर्म और संस्कृति को सशक्त बनाने के लिए इस तरह के आयोजनों की आवश्यकता पहले से कहीं अधिक है।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ शामिल हुए। उन्होंने कहा कि हिन्दू संस्कृति को और अधिक मजबूती देने की जरूरत है। इस प्रकार के धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम समाज को जोड़ने का कार्य करते हैं और राष्ट्र में सांस्कृतिक चेतना को सुदृढ़ करते हैं। उन्होंने बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रही हिंसा की कड़ी निंदा करते हुए चिंता व्यक्त की और कहा कि मानवता के विरुद्ध किसी भी प्रकार का अत्याचार स्वीकार्य नहीं है।
इस अवसर पर स्वामी दिव्यानंद जी महाराज, रमेश सिंह, मुनचुन राय, ऋषिनाथ शाहदेव, सुजीत सिंह, संजय वर्मा, रौशनी खलखो, निशांत चौहान, सतीश मिश्रा, रानी मिश्रा, अमित अग्रवाल, अभिजीत मिश्रा सहित कई गणमान्य लोग और कार्यकर्ता मौजूद रहे।



