जिले के सभी पंचायतों में रात्रि चौपाल लगाने का पंचायती राज पदाधिकारी शिशिर कुमार सिंह ने दिया निर्देश
गणादेश,खूंटी : जिला पंचायती राज पदाधिकारी शिशिर कुमार सिंह ने बुधवार को उग्रवाद प्रभावित रानिया प्रखण्ड का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने दहू पंचायत में नव-निर्मित पंचायत भवन का उद्घाटन किया और इसकी व्यवस्था की सराहना की। उन्होंने पंचायत सचिव और मुखिया के साथ बैठक कर राज्य सरकार द्वारा पंचायतों को दी जा रही विकास योजनाओं की जानकारी दी। पंचायत भवन की देखभाल के लिए पंचायत प्रहरी की नियुक्ति भी की गई है।
पंचायती राज पदाधिकारी ने पंचायत में नियमित रूप से रात्रि चौपाल लगाने का निर्देश दिया, ताकि ग्रामीण अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के सामने रख सकें और उनका त्वरित समाधान हो सके। उन्होंने कहा कि वे स्वयं भी आने वाले दिनों में रात्रि चौपाल में शामिल होंगे और पंचायत में रात्रि विश्राम करेंगे।
उन्होंने बताया कि पंचायत भवन को जल्द ही अपग्रेड किया जाएगा, जहां इंटरनेट सुविधा, पत्र-पत्रिकाएं और अन्य आवश्यक संसाधन उपलब्ध रहेंगे। इससे किसानों को अपनी शिकायतें दर्ज कराने और समाधान पाने में आसानी होगी। साथ ही ग्रामीणों की छोटी-छोटी समस्याओं का निपटारा भी यहीं से किया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रानिया अनिल मुण्डा, भवन प्रमंडल खूंटी के सहायक अभियंता प्रवीण कुमार दास और कनीय अभियंता भी मौजूद रहे।



