तीसरी सोमवारी पर बाबानगरी सहित राजधानी रांची में उमड़ा भक्तों का जनसैलाब

रांचीः तीसरी सोमवारी को बाबानगरी देवघर और राजधानी रांची के पहाड़ी मंदिर में भक्तों का जनसैलाब उमड़ा। रांची के पहाड़ी मंदिर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। वहीं देवघर के समीप दुम्मा कांवरिया पथ से लेकर मंदिर प्रांगण तक जलाभिषेक के लिए भक्तों का तांता लगा रहा। देर रात तक ढाई लाख से अधिक कांवरियों के पूजा करने की संभावना जताई जा रही है। रविवार रात होने से पहले ही भक्तों की कतार पूजा अर्चना के लिए लग गई। सुबह पौने चार बजे बाबा बैद्यनाथ का मंदिर का कपाट भक्तों के लिए खोल दिया गया। इससे पहले सरदार पंडा ने बाबा की प्रातःकालीन पूजा की। शिवभक्तों की कतार सात किलोमीटर दूर तक लगी हुई है। जिला प्रशासन को उम्मीद है कि शाम तक तीन लाख भक्त देवघर पहुंचेंगे। रात से ही प्रशासन अलर्ट है। जलार्पण में सहूलियत हो इसलिए मंदिर प्रांगण में एक बाह्य अरघा भी लगाया गया है। लंबी कतार से बचने या जो चलने में लाचार हैं, वह इस अरघा से आसानी से पूजा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *