रन फॉर झारखंड का आयोजन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
रांची : झारखंड राज्य के गठन के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मंगलवार को राजधानी रांची के मोरहाबादी मैदान से “रन फॉर झारखंड” कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर इस दौड़ को रवाना किया। राज्य स्थापना दिवस के रजत जयंती समारोह की यह शुरुआत उत्साह और जोश से भरी रही।
दौड़ में सैकड़ों युवाओं, छात्रों और खिलाड़ियों ने भाग लिया। मैदान में सुबह से ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। प्रतिभागियों में राज्य के प्रति गर्व और सम्मान का भाव झलक रहा था। कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए रांची ट्रैफिक पुलिस ने विशेष यातायात व्यवस्था की थी ताकि शहर के मुख्य मार्गों पर किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के साथ विधायक कल्पना सोरेन, मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू तथा कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि झारखंड का स्थापना दिवस हमारे गौरव, एकता और संघर्ष की पहचान है। भगवान बिरसा मुंडा और अन्य शहीदों के बलिदान से ही राज्य का गठन संभव हुआ। उन्होंने कहा कि “रन फॉर झारखंड” राज्य की एकता और अखंडता का प्रतीक है तथा यह कार्यक्रम युवाओं को राज्य के विकास में योगदान देने की प्रेरणा देता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि झारखंड की रजत जयंती 15 नवंबर को पूरे उत्साह और जनभागीदारी के साथ मनाई जाएगी।



