22 मार्च को उत्पाद सिपाही की लिखित परीक्षा, जेपीएससी ने जारी की तिथिअभ्यर्थियों में जगी नई उम्मीद

रांची: झारखंड में लंबे समय से उत्पाद सिपाही भर्ती प्रक्रिया का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के लिए बड़ी राहत की खबर है। झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) ने उत्पाद सिपाही की लिखित परीक्षा की तिथि घोषित कर दी है। आयोग के अनुसार 22 मार्च को लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। परीक्षा की तिथि तय होते ही अभ्यर्थियों में आशा और उत्साह का माहौल है।
गौरतलब है कि उत्पाद सिपाही भर्ती प्रक्रिया बीते कई वर्षों से विवादों और बाधाओं के कारण लटकी हुई थी। वर्ष 2019 में झारखंड सरकार द्वारा उत्पाद सिपाही भर्ती का विज्ञापन जारी किया गया था, लेकिन बाद में इसे रद्द कर दिया गया। इसके बाद जुलाई 2023 में नए सिरे से आवेदन लिए गए और सितंबर 2024 में शारीरिक दक्षता परीक्षा (दौड़) आयोजित की गई।
शारीरिक परीक्षा के दौरान कई दुखद घटनाएं भी सामने आईं। गर्मी के मौसम में आयोजित दौड़ के दौरान राज्य के विभिन्न हिस्सों में कुल 20 अभ्यर्थियों की मौत हो गई थी। पलामू के एयरपोर्ट परिसर में आयोजित दौड़ के दौरान सबसे अधिक मौतें हुईं। इस मामले को लेकर विपक्षी दल भाजपा ने आंदोलन छेड़ दिया था और विधानसभा में भी यह मुद्दा जोरशोर से उठाया गया था। मामला हाईकोर्ट तक पहुंचा, जिसके बाद राज्य सरकार ने शारीरिक परीक्षा को बीच में ही स्थगित कर दिया। मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को सरकार की ओर से मुआवजा भी दिया गया।
नवंबर 2025 में शारीरिक परीक्षा का परिणाम घोषित किया गया और अब परिणाम आने के करीब दो महीने बाद जेपीएससी ने लिखित परीक्षा की तिथि जारी कर दी है। वर्षों से प्रतीक्षा कर रहे सफल अभ्यर्थियों के लिए यह एक बड़ी और राहत भरी खबर मानी जा रही है।
अभ्यर्थियों को उम्मीद है कि मार्च में लिखित परीक्षा संपन्न होने के बाद एक-दो महीने के भीतर अंतिम परिणाम और नियुक्ति प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी। लंबे संघर्ष और इंतजार के बाद उत्पाद सिपाही बनने का सपना अब साकार होने की ओर बढ़ता दिख रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *