प्रत्याशियों को मिले चुनाव चिन्ह, उत्साह और आत्मविश्वास से भरे दिखे चेहरे

रांची: नगर निकाय चुनाव को लेकर शनिवार को प्रत्याशियों को चुनाव चिन्ह आवंटित किए गए। चुनाव चिन्ह मिलते ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। अधिकांश प्रत्याशियों ने अपने-अपने चुनाव चिन्ह को सौभाग्य का प्रतीक बताते हुए जीत का दावा किया और वार्ड के सर्वांगीण विकास का भरोसा दिलाया।
वार्ड-1 से प्रत्याशी राजेश मुंडा को मोतियों का हार चुनाव चिन्ह मिला। उन्होंने कहा कि यह उनके लिए बेहद खुशी की बात है और वे वार्ड की मूलभूत समस्याओं के समाधान को अपनी पहली प्राथमिकता बनाएंगे।
वहीं वार्ड-37 से राहुल यादव को भी मोतियों का हार मिला। उन्होंने इसे खुशकिस्मती का प्रतीक बताते हुए कहा कि उनका वार्ड नगर निगम क्षेत्र का नंबर-वन वार्ड बनेगा।
वार्ड-21 के प्रत्याशी संजीव कुमार ने कहा कि वे अपने वार्ड को मोतियों की तरह चमकदार और विकसित बनाएंगे।
वार्ड-46 की प्रत्याशी शोभा गुप्ता को दूध का केन चुनाव चिन्ह मिला। उन्होंने कहा कि दूध हर घर में उपयोग होने वाली वस्तु है और केन लोगों को आसानी से याद रहेगा, जिससे उन्हें जनता का भरपूर समर्थन मिलेगा।
वार्ड-2 से प्रत्याशी सोनम कुमारी को ब्लैकबोर्ड चुनाव चिन्ह मिला। उन्होंने कहा कि शिक्षा समाज की नींव है और वे गरीब बच्चों की पढ़ाई के लिए लगातार काम कर रही हैं, ऐसे में यह चिन्ह उनके लिए शुभ है।
वार्ड-29 से उज्ज्वल कुमार मिश्रा को अलमारी छाप चुनाव चिन्ह मिला। उन्होंने अपने क्षेत्र में तेज़ी से विकास कार्य कराने की बात कही।
सूबेदार सिद्धनाथ सिंह को मोतियों का हार चुनाव चिन्ह मिला। वे चुनाव चिन्ह पाकर काफी उत्साहित नजर आए और जीत का भरोसा जताया।
वार्ड-30 की रश्मि अरोड़ा और वार्ड-23 की नीलोफर इमरान को बेबी वॉकर चुनाव चिन्ह मिला। दोनों प्रत्याशियों ने इसे सौभाग्यशाली बताते हुए जनता के समर्थन पर पूरा विश्वास जताया।
वार्ड-34 के प्रत्याशी ओमप्रकाश और वार्ड-27 से उनकी पत्नी महिमा कुमारी को भी मोतियों का हार चुनाव चिन्ह मिला। दोनों अपनी-अपनी जीत को लेकर पूरी तरह आत्मविश्वास में दिखे।
इसके अलावा वार्ड-1 से वर्षा गाड़ी, वार्ड-2 से बसंती कुजूर और वार्ड-9 से उषा चौधरी को बेबी वॉकर चुनाव चिन्ह मिला। उषा चौधरी ने कहा कि यह चुनाव चिन्ह सभी को नहीं मिलता और यह उनके लिए लकी साबित होगा।
वार्ड-24 के प्रत्याशी राजदीप सिंह को ब्लैकबोर्ड चुनाव चिन्ह मिला। उन्होंने वार्ड में बहुमुखी विकास की प्रतिबद्धता दोहराई।
वहीं वार्ड-34 से अरुण कुमार झा को क्रिकेट का बल्ला चुनाव चिन्ह मिला। उन्होंने कहा कि जिस तरह उन्होंने पूर्व में वार्ड-26 का विकास किया था, उससे भी बेहतर तरीके से वे वार्ड-34 का विकास करेंगे।
वार्ड-8 की प्रत्याशी किरण खलखो को अलमारी छाप चुनाव चिन्ह मिला।
चुनाव चिन्ह मिलने के बाद प्रत्याशियों में जोश और आत्मविश्वास साफ नजर आया। अब सभी प्रत्याशी जनता के बीच जाकर समर्थन जुटाने में पूरी ताकत झोंकने को तैयार दिख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *