राज्यसभा चुनाव: झारखंड से कांग्रेस ने प्रणव झा और झामुमो ने अंजनी सोरेन के नाम पर बनाई सहमति !
रांची: झारखंड से राज्यसभा की दो सीटों के लिए होने वाले चुनाव को लेकर महागठबंधन में उम्मीदवारों के नामों पर लगभग सहमति बन गई है। सूत्रों के अनुसार, झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) ने पार्टी संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन की पुत्री अंजनी सोरेन को उम्मीदवार बनाने का निर्णय लिया है, जबकि कांग्रेस की ओर से बोकारो निवासी वरिष्ठ नेता प्रणव झा के नाम पर सहमति बनी है। हालांकि दोनों दलों की ओर से अभी तक आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। माना जा रहा है कि 5 जून को उम्मीदवारों के नामों की औपचारिक घोषणा की जा सकती है।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के करीबी माने जाने वाले प्रणव झा के नाम पर केंद्रीय नेतृत्व ने मुहर लगाई है। वहीं अंजनी सोरेन को उम्मीदवार बनाए जाने को झामुमो के भीतर संगठनात्मक और राजनीतिक संतुलन के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दूसरी ओर, भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक अपने प्रत्याशी के नाम का ऐलान नहीं किया है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि भाजपा अपनी रणनीति में बदलाव करते हुए उद्योगपति परिमल नाथवानी पर दांव लगा सकती है। हालांकि पार्टी की ओर से इस संबंध में कोई आधिकारिक संकेत नहीं दिया गया है।
झारखंड में राज्यसभा चुनावों का इतिहास कई बार रोचक रहा है और क्रॉस वोटिंग तथा राजनीतिक समीकरणों को लेकर चर्चाएं होती रही हैं। ऐसे में महागठबंधन की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा के बाद भाजपा की रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हुई हैं।
फिलहाल माना जा रहा है कि एक सीट पर महागठबंधन की स्थिति मजबूत है, जबकि दूसरी सीट को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो सकती हैं। नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही 5 और 6 जून तक तस्वीर और अधिक स्पष्ट होने की संभावना है।



