शांति समिति की बैठक में होली शांति व सौहार्द के साथ मनाने का आह्वान

खूंटी: मुरहू प्रखंड में शांति समिति की बैठक अंचल अधिकारी शंकर विद्यार्थी की अध्यक्षता में थाना परिसर में संपन्न हुई। बैठक में मुरहू प्रखंड प्रमुख, उप प्रमुख अरुण कुमार साबू, विभिन्न पंचायतों की मुखिया एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक का मुख्य उद्देश्य होली पर्व को शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने को लेकर विचार-विमर्श करना था।
अंचल अधिकारी शंकर विद्यार्थी ने ग्रामीणों से स्पष्ट शब्दों में अपील की कि होली का पर्व शांतिपूर्वक एवं आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाए। उन्होंने कहा कि होली के दौरान किसी प्रकार का दंगा-फसाद न हो तथा शराब सेवन कर सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में यह भी उल्लेख किया गया कि होली के साथ-साथ ईसाई समुदाय का लेंट और मुस्लिम समाज का पवित्र महीना रमजान भी चल रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए सभी समुदायों से आपसी सम्मान और सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई।
उप प्रमुख अरुण कुमार साबू ने कहा कि होली भाईचारे और प्रेम का पर्व है। उन्होंने ग्रामीणों से आग्रह किया कि जिस उत्साह और खुशी से आमजन होली मनाते हैं, उसी भावना से प्रशासनिक पदाधिकारी भी पर्व को शांति और आनंद के साथ मनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
मुखिया श्रीमती ज्योति दोदराय ने कहा कि मुरहू में सदैव सभी समुदाय मिलकर होली मनाते आए हैं और इस वर्ष भी हर्षोल्लास के साथ पर्व मनाया जाएगा।
थाना प्रभारी गॉडविन जी ने स्पष्ट किया कि किसी को भी शांति भंग करने की अनुमति नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की कि रंगों के इस पावन पर्व को प्रेम और सद्भावना के साथ मनाएं।
कार्यक्रम का संचालन श्री सुरेश जी ने किया। अंत में थाना परिसर में प्रतीकात्मक रूप से होली के रंगों की शुरुआत की गई तथा सभी को फगुआ, होली और होलिका दहन सौहार्दपूर्वक मनाने का संदेश दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *