भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल स्थित निगम भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया, एमआरएफ केंद्र निर्माण का मार्ग हुआ प्रशस्त
रांची : रांची नगर निगम द्वारा निगम की परिसंपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कर जनहित में उपयोग सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में आज दिनांक 04.08.2026 को रांची नगर निगम की इंफोर्समेंट टीम द्वारा भगवान बिरसा मुंडा बस टर्मिनल स्थित निगम स्वामित्व की भूमि पर किए गए अवैध कब्जे एवं अनधिकृत संरचनाओं को हटाने की कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान उक्त स्थल से कुल 12 अवैध संरचनाओं को हटाकर निगम की भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया।
उल्लेखनीय है कि अतिक्रमण मुक्त कराई गई इस भूमि पर रांची नगर निगम द्वारा एमआरएफ (Material Recovery Facility) केंद्र का निर्माण प्रस्तावित है। इस केंद्र के माध्यम से ठोस अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से पृथक्करण, प्रसंस्करण एवं निस्तारण किया जाएगा, जिससे शहर में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने में सहायता मिलेगी।
रांची नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि निगम की भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा अथवा अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। सार्वजनिक परिसंपत्तियों की सुरक्षा एवं जनहित में उनके बेहतर उपयोग के उद्देश्य से अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

