घाटशिला उपचुनाव को लेकर बीजेपी ने 40 स्टार प्रचारकों की सूची जारी किया

गणादेश,रांची: घाटशिला उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने केंद्रीय नेतृत्व द्वारा 40 स्टार प्रचारकों की भव्य सूची जारी कर दी है। पार्टी ने इस सूची में देश और प्रदेश के दिग्गज नेताओं को शामिल कर रणनीति को और मजबूत बनाया है। केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान, जुएल उरांव, अन्नपूर्णा देवी और केंद्रीय स्तर के अन्य वरिष्ठ नेता इस बार प्रचार की कमान संभालेंगे। इसके अलावा ओड़िशा और छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भी इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करेंगे।
सूची में प्रदेश स्तर के दिग्गज नेताओं को भी जगह दी गई है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, कार्यकारी अध्यक्ष एवं सांसद आदित्य साहू, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा, रघुवर दास, चंपई सोरेन और मधुकोड़ा भी स्टार प्रचारक के रूप में जनता के बीच पहुंचेंगे। पार्टी का मानना है कि उनके सक्रिय प्रचार से घाटशिला में मतदाताओं तक पार्टी के संदेश और योजनाओं की पूरी जानकारी पहुंचेगी।
भाजपा ने इस बार उपचुनाव को बेहद गंभीरता से लिया है। स्टार प्रचारकों की इस सूची के माध्यम से पार्टी की तैयारी, रणनीति और चुनावी पलों में नेतृत्व की सक्रियता का संदेश मतदाताओं तक पहुँचाया जा रहा है। पार्टी के अनुसार केंद्र और राज्य के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी से जनता में विश्वास बढ़ेगा और पार्टी उम्मीदवार को जीत दिलाने की संभावना और मजबूत होगी।
जानकार बताते हैं कि भाजपा की यह रणनीति घाटशिला में सघन प्रचार के माध्यम से मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में उठाया गया महत्वपूर्ण कदम है। इस उपचुनाव में स्टार प्रचारकों की सक्रिय भागीदारी से पार्टी को अपनी नीतियों, विकास योजनाओं और केंद्र एवं राज्य सरकार की उपलब्धियों का व्यापक प्रचार करने में मदद मिलेगी। पार्टी नेतृत्व पूरी तरह से इस सीट पर जीत के लिए प्रतिबद्ध दिखाई दे रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *