भाजपा ने झामुमो को छेड़ा है अब झामुमो भाजपा को नहीं छोड़ेगा :सुप्रियो भट्टाचार्य

गुजरात चुनाव में 27 ट्राइबल सीट और 13 एससी सीटों पर भाजपा को पराजित करने के लिए करेंगे काम

रांची: अवैध खनन लीज मामले में ईडी के द्वारा सीएम हेमंत सोरेन को पूछताछ के लिए समन जारी करने के बाद झामुमो पूरी तरह से भाजपा के खिलाफ आक्रामक मूड में आ गया है। पार्टी के केंद्रीय महासचिव सह प्रवक्ता सुप्रियो भट्टाचार्य ने गुरुवार को पार्टी  कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा ने झामुमो को छेड़ा है अब झामुमो भाजपा को नहीं छोड़ेगा। उन्होंने कहा कि गुजरात में होने वाले चुनाव में झामुमो भाजपा को चुनौती देगा।
गुजरात में 27 ट्राइबल सीट और 13 एससी सीटों पर झामुमो भाजपा को हराने के लिए काम करेगा। इसकी रणनीति हमलोगों ने तैयार कर लिया है।
गुजरात में भाजपा ने दलित और आदिवासियों के साथ दुर्व्यवहार किया है यह सभी जानते हैं। झारखंड में भी आदिवासी मुख्यमंत्री को परेशान किया जा रहा है।
श्री भट्टाचार्य ने कहा कि सीएम का छत्तीसगढ़ जाने का कार्यक्रम 28 को ही तय हो गया था। उसके बाद भी ईडी के द्वारा समन जारी किया गया। उन्होंने कहा कि ईडी ने सीएम को समन जारी क्यों किया। उनका कोई गुनाह है तो ईडी गिरफ्तार करे। मुख्यमंत्री से पूछे बगैर ईडी ने उनको समन जारी कर दिया।जबकि सीएम का पहले से तय कार्यक्रम रहता है। उन्होंने बाबूलाल पर भी तंज कसा। चिड़िया उड़ाकर झामुमो को डराने का काम बाबूलाल मरांडी कर रहे हैं। झामुमो उस चिड़िया से डरने वाला नहीं है। सीएम के खिलाफ ईडी समन जारी होने पर हजारों झामुमो कार्यकर्ता राजधानी की सड़कों पर जुट गए। कार्यकर्ताओं में आक्रोश था। वे अपने नेता से मिलना और सुनना चाहते थे। 40साल के बाद जब झारखंडियों को पहचान दिलाने की बात आई तो  एक आदिवासी सीएम को बदनाम किया जाने लगा। श्री भट्टाचार्य ने राज्य सरकार की विकास योजनाओं का बखान किया। उन्होंने कहा हमें छेड़ो मत हमें छेड़ोगे तो छोड़ेंगे नहीं। आज तो सिर्फ भाजपा ने ट्रेलर देखा है। निर्णायक लड़ाई 2024 के लोकसभा और विधानसभा में दिखेगा। उस चुनाव के बाद भाजपा के नाम लेने वाला कोई नहीं मिलेगा। झामुमो झारखंड को भाजपा मुक्त करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *