बिरसा मुंडा जेल बना ऐयाशी का अड्डा, शराब व जीएसटी घोटाले के आरोपी विधु गुप्ता और सिद्धार्थ सिंघानिया का वीडियो वायरल, कारापाल निलंबित
रांची: राजधानी रांची स्थित बिरसा मुंडा केंद्रीय कारा एक बार फिर विवादों में है। शराब और जीएसटी घोटाले के आरोपी विधु गुप्ता एवं सिद्धार्थ सिंघानिया का जेल के अंदर डांस करते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वायरल वीडियो ने न केवल जेल प्रशासन की पोल खोल दी है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा कर दिया है कि आखिर जेल के भीतर इतनी सुविधाएं किसकी शह पर मिल रही थीं।
वीडियो सामने आने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया। जेल आईजी ने तत्काल प्रभाव से कारापाल को निलंबित कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भी घटना का संज्ञान लेते हुए दो पुलिसकर्मियों समेत जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
गौरतलब है कि जुलाई माह में एसीबी ने दोनों आरोपियों को शराब घोटाले में गिरफ्तार किया था। हालांकि ठोस सबूतों के अभाव में एसीबी अभी तक अदालत में आरोपपत्र दाखिल नहीं कर पाई है। फिलहाल दोनों आरोपी जमानत पर बाहर हैं।
विधु गुप्ता पर आरोप है कि उसने झारखंड और छत्तीसगढ़ में नकली होलोग्राम की आपूर्ति कर करोड़ों रुपये की टैक्स चोरी को अंजाम दिया। इस पूरे नेटवर्क को वह सिद्धार्थ सिंघानिया के साथ मिलकर संचालित करता था। बताया जाता है कि इस सिंडिकेट से जुड़े अधिकारियों को करोड़ों रुपये की घूस दी जाती थी।
वायरल वीडियो ने यह बड़ा सवाल खड़ा कर दिया है कि जेल के भीतर मोबाइल फोन और अन्य विलासितापूर्ण साधन आखिर पहुंचते कैसे हैं। पहले भी हजारीबाग जेल में बंद एक कैदी के पास मोबाइल मिलने का मामला सामने आ चुका है, लेकिन अब रांची की बिरसा मुंडा जेल में इस तरह की घटना ने पूरे कारा तंत्र की कार्यप्रणाली पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगा दिया है।



