भारी बारिश से खूंटी जिले के डोड़मा से गोविंदपुर रोड पर डायवर्सन पथ बहा,ग्रामीणों को हो रही परेशानी
खूंटी : भारी बारिश के कारण आम लोगों के साथ परेशानी उत्पन्न हो गई है। राजधानी रांची के सटे खूंटी जिले के तोरपा प्रखण्ड अंतर्गत डोड़मा से गोविंदपुर रोड पर डायवर्सन पथ तेज बारिश के कारण बह गया है। इससे इस क्षेत्र में आवागमन बाधित हो गई है।आसपास के कई गांवों के लोगों को जिला मुख्यालय जाने के लिए दूसरे घुमावदार सड़क होकर जाना पड़ रहा है। साथ ही इस मार्ग से किसी भी तरह के भारी वाहनों का आवागमन पूरी तरह से बाधित हो गया है। प्रशासन की ओर से ग्रामीणों से अपील की गई है कि वे इस मार्ग से आवागमन ना करें, वहीं ग्रामीणों ने डायवर्सन के निर्माण में अनियमितता का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में लगे ट्रकों द्वारा भी इस डायवर्सन का उपयोग किया जाने लगा। चिप्स लदे भारी ट्रकों के लगातार गुजरने के कारण डायवर्सन में लगा एयर पाइप टूट गया। जिसके कारण अस्थायी पुल की मिट्टी भारी बारिश के कारण बह गई।



