रांची पुलिस की बड़ी कामयाबी, बाइक चोर गिरोह का पर्दाफाश, सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद
गणादेश,रांची: राजधानी रांची में सक्रिय बाइक चोर गिरोह को पुलिस ने धर दबोचा है। कांके थाना क्षेत्र में लगातार बढ़ रही बाइक चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित की गई थी। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण प्रवीण पुष्कर के निर्देशन और वरिष्ठ पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय-1) के नेतृत्व में गठित इस टीम ने शुक्रवार, 17 अक्टूबर 2025 को बड़ी कार्रवाई करते हुए गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि कांके रिंग रोड स्थित लॉ यूनिवर्सिटी के पास वाहन जांच अभियान के दौरान एक युवक को संदिग्ध स्थिति में बाइक के साथ पकड़ा गया। पूछताछ में युवक ने बाइक चोरी करने की बात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर छापेमारी करते हुए पुलिस ने कुल सात चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद कीं।
इस कार्रवाई से कांके थाना क्षेत्र में दर्ज दो चोरी के मामलों का खुलासा हो गया है, जबकि अन्य बरामद बाइक के संबंध में जांच जारी है कि वे किन इलाकों से चोरी की गई थीं।
पुलिस ने कहा कि गिरोह के बाकी सदस्यों की पहचान की जा चुकी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई शहर में बढ़ रही वाहन चोरी की घटनाओं पर महत्वपूर्ण अंकुश साबित होगी।
इस सफलता के बाद ग्रामीण पुलिस टीम की सराहना करते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि रांची पुलिस जनता की सुरक्षा और अपराध पर नियंत्रण को लेकर पूरी तरह सतर्क है।



