पुलिस को बड़ी सफलता, 7 किलो अफीम और 7 लाख नकद के साथ तस्कर गिरफ्तार
चक्रधरपुर।पश्चिमी सिंहभूम जिले के बंदगांव थाना क्षेत्र में पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अफीम तस्करी के एक बड़े रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू को गुप्त सूचना मिली थी कि क्षेत्र में मादक पदार्थ की तस्करी हो रही है।सूचना पर बंदगांव थाना पुलिस ने मुख्य सड़क पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया. इसी दौरान एक चार पहिया वाहन को रोका गया।तलाशी लेने पर वाहन से 7 किलो अफीम, 7 लाख रुपये नकद और एक मोबाइल फोन बरामद हुआ. पुलिस ने मौके से हजारीबाग निवासी आरोपी राहुल कुमार साहू को गिरफ्तार कर लिया. जब्त अफीम की बाजार में कीमत लाखों रुपये आंकी जा रही है. शुरुआती जांच में आरोपी के बड़े तस्करी नेटवर्क से जुड़े होने की आशंका है।बंदगांव थाना पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस नेटवर्क के अन्य सदस्यों और अफीम की सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी है।पूछताछ में कई अहम सुराग मिलने की उम्मीद है। पुलिस अधीक्षक अमित रेनू ने मामले की पुष्टि करते हुए बंदगांव पुलिस टीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि नशे के कारोबार पर लगाम लगाने के लिए जिले में लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगा रही है कि अफीम की खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां पहुंचाना था। जिले में नशे के खिलाफ यह बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।


