खूंटी पुलिस को बड़ी सफलता, पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य रोजदेव साहू गिरफ्तार

खूंटी: खूंटी पुलिस ने प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीएलएफआई (PLFI) के सक्रिय एवं कुख्यात सदस्य रोजदेव साहू उर्फ रोजदेव साव उर्फ मास्टर (42) को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर एक देसी पिस्टल तथा छह जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग ने रविवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि 11 जुलाई को गुप्त सूचना मिली थी कि कई आपराधिक मामलों में वांछित आरोपी रोजदेव साहू अपने गांव महरसिया में मौजूद है। सूचना के सत्यापन के बाद एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस टीम ने आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के आधार पर उसकी निशानदेही पर एक देसी पिस्टल और छह जिंदा कारतूस बरामद किए गए। बरामद हथियार को जब्त कर आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी पीएलएफआई का सक्रिय सदस्य है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, फायरिंग, रंगदारी, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर आपराधिक मामले तोरपा, कर्रा और मुरहू थाना में दर्ज हैं। वर्ष 2017 से अब तक उसके विरुद्ध सात से अधिक आपराधिक मामले दर्ज किए जा चुके हैं और वह लंबे समय से पुलिस की गिरफ्त से फरार चल रहा था।

इस अभियान में एसडीपीओ तोरपा विजय कुमार सिंह, तोरपा थाना प्रभारी, कर्रा थाना प्रभारी, तोरपा थाना के पुलिस पदाधिकारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे।

एसपी ऋषभ गर्ग ने कहा कि खूंटी पुलिस जिले में उग्रवाद और अपराध के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है। किसी भी उग्रवादी या अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा तथा उनके विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *