गणतंत्र दिवस पर मुरहू प्रखंड में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन,

खूंटी: मुरहू प्रखण्ड परिसर में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की रूपरेखा प्रखण्ड विकास पदाधिकारी रंजीत कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन में तैयार की गई।

Oplus_131072


इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुरहू, लक्ष्मी नारायण स्कूल, उत्क्रमित विद्यालय दुदरी, आंगनबाड़ी केन्द्र मुरहू तथा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुरहू के प्रतिभागियों द्वारा देशभक्ति एवं सामाजिक जागरूकता से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। स्कूली बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केन्द्र मुरहू द्वारा बाल विवाह की रोकथाम एवं उससे होने वाले सामाजिक और स्वास्थ्यगत नुकसान को नाटक के माध्यम से प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मुरहू की टीम द्वारा बाल विवाह के बाद जन्म लेने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभाव तथा गर्भवती महिलाओं के लिए संतुलित एवं पौष्टिक आहार विषय पर जागरूकता फैलाने वाला नाटक प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान अंचलाधिकारी शंकर विद्यार्थी द्वारा झारखण्ड आंदोलनकारी के रूप में मस्कलन मुंडू एवं प्रितिवंती मानकी को प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
इस कार्यक्रम में प्रखण्ड के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में पूरे प्रखण्ड सहित देशवासियों को 77वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएँ देते हुए संविधान के प्रति निष्ठा और आस्था का संदेश दिया।
प्रखण्ड प्रमुख एलिस ओडया एवं उप-प्रमुख अरुण कुमार साबू द्वारा उपस्थित लोगों को भारतीय संविधान की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में मुरहू पंचायत की मुखिया सहित अन्य पंचायत प्रतिनिधियों की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रखण्ड प्रमुख द्वारा उपस्थित जनसमूह को संबोधित भी किया गया।
कार्यक्रम के अंत में सांस्कृतिक प्रतियोगिता के विजेताओं की घोषणा की गई, जिसमें
प्रथम पुरस्कार कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुरहू को,
द्वितीय पुरस्कार लक्ष्मी नारायण स्कूल को तथा
तृतीय पुरस्कार उत्क्रमित विद्यालय दुदरी को प्रदान किया गया।
अंत में धन्यवाद ज्ञापन के पश्चात कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *