श्रद्धांजलि समारोह से पहले सीएम हेमन्त सोरेन ने खुद ई-रिक्शा चलाकर ली तैयारियों की कमान
रांची : पूर्व मुख्यमंत्री एवं राज्यसभा सांसद दिशोम गुरु शिबू सोरेन के श्राद्ध कर्म को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने की तैयारी जोरों पर है। इसकी समीक्षा खुद मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने गुरुवार को की। खास बात यह रही कि सीएम ने स्वयं ई-रिक्शा चलाकर आयोजन स्थल का भ्रमण किया और हर पंडाल का जायज़ा लिया।
मुख्यमंत्री ने व्यवस्था का सूक्ष्म निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि श्रद्धांजलि समारोह में शामिल होने वाले लोगों को किसी तरह की असुविधा न हो। उन्होंने सुरक्षा, साफ-सफाई, पेयजल, पार्किंग, टेंट, बैठने की पर्याप्त व्यवस्था और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने पर विशेष जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त, पुलिस अधीक्षक, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, विभिन्न विभागों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में नेमरा गांव के लोग मौजूद रहे।



