भागलपुर में प्रमंडल स्तरीय बिहार आईडिया फेस्टिवल का भव्य आयोजन, युवाओं में दिखा जोश

भागलपुर। बिहार में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने की दिशा में एक और अहम कदम उठाते हुए, भागलपुर में आज प्रमंडल स्तरीय बिहार आईडिया फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले भर से आए युवाओं, स्टार्टअप प्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही।

मुख्य अतिथि के रूप में जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया। इस मौके पर उन्होंने एक स्टार्टअप उद्यमी को ₹10 लाख रुपये का सीड फंड प्रदान किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को स्वरोजगार और नवाचार के लिए हर संभव सहयोग दे रही है।

मंच पर डीडीसी प्रदीप कुमार सिंह, नगर आयुक्त शुभम कुमार, महाप्रबंधक खुशबू कुमारी, सहायक उद्योग निदेशक प्रणय कश्यप, डीआईसी बांका के जीएम शंभू पटेल समेत कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम में जीविका की टीम ने महिला सशक्तिकरण पर अपने प्रयासों को साझा किया और बताया कि किस तरह विभिन्न योजनाओं के माध्यम से महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है।

युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपने आइडिया और इनोवेशन प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में कई सफल उद्यमियों ने भी अपनी कहानियां साझा कीं, जिससे युवाओं को प्रेरणा मिली।

अंत में उपस्थित सभी लोगों ने बिहार के विकास और नवाचार को बढ़ावा देने का संकल्प लिया। आयोजन के माध्यम से युवाओं को एक ऐसा मंच मिला, जहां वे अपने विचारों को दिशा दे सकें और नए अवसरों की तलाश कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *