एनएसएस टीएमबीयू की एक और छलांग

भागलपुर। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) ने एक बार फिर नया कीर्तिमान स्थापित किया है। अब तक एनएसएस स्वयंसेवकों को केवल गणतंत्र दिवस (26 जनवरी) की परेड में भाग लेने का अवसर मिलता था, किंतु इस वर्ष से स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) समारोह में भी एनएसएस को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की परंपरा की शुरुआत की गई है।इस कड़ी में बिहार राज्य से केवल दो स्वयंसेवकों का चयन किया गया है, जिनमें से एक हैं गुलजार अली, जो तिलका मांझी भागलपुर विश्वविद्यालय का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम समन्वयक डॉ. राहुल कुमार ने हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि राष्ट्रीय सेवा योजना के क्षेत्रीय निदेशालय से प्राप्त पत्र के अनुसार, 15 अगस्त 2025 को लाल किला परिसर, नई दिल्ली में आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह में गुलजार अली को विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में भाग लेने हेतु 13 अगस्त 2025 को प्रतिभागियों को नई दिल्ली में रिपोर्ट करना अनिवार्य होगा तथा वापसी 16 अगस्त 2025 को प्रातः 10:00 बजे तक सुनिश्चित की जाएगी।

इस उपलब्धि पर क्षेत्रीय निदेशक विनय कुमार को कार्यक्रम समन्वयक ने विशेष रूप से धन्यवाद ज्ञापित किया। साथ ही, बीएन कॉलेज के एनएसएस कार्यक्रम पदाधिकारी डॉ. इरशाद अली को बुलाकर कार्यक्रम समन्वयक ने बधाई दी तथा गुलजार अली को विश्वविद्यालय की ओर से एनएसएस प्रमाण-पत्र प्रदान किया।

इसके साथ ही स्वयंसेवक के दस्तावेजों को सम्यक रूप से तैयार करने एवं यात्रा टिकट संबंधी प्रक्रिया को शीघ्रता से पूर्ण करने का निर्देश भी दिया गया। इस गौरवपूर्ण चयन पर टीएमबीयू के कुलपति, कुलसचिव तथा विश्वविद्यालय के अन्य सभी अधिकारियों ने गुलजार अली को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *