त्योहारों को लेकर प्रशासन सतर्क, अंचलाधिकारी ने होटलों व लॉजों का किया औचक निरीक्षण
पाकुड़: आगामी पर्व-त्योहारों के दौरान शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी कड़ी में मंगलवार को अंचलाधिकारी श्री अरबिंद बेदिया एवं नगर थाना प्रभारी श्री बबलू कुमार ने शहर के विभिन्न होटलों और लॉजों का औचक निरीक्षण किया।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने होटलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, आगंतुक रजिस्टरों का संधारण, तथा कमरों की स्थिति की बारीकी से जांच की। इस दौरान होटल संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि किसी भी आगंतुक का पूरा विवरण अनिवार्य रूप से रजिस्टर में दर्ज करें और सीसीटीवी कैमरे चौबीसों घंटे चालू रखें।
अंचलाधिकारी श्री बेदिया ने कहा कि प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता यह सुनिश्चित करना है कि आगामी त्योहारों के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और सौहार्द का माहौल कायम रहे। उन्होंने चेतावनी दी कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही को कदापि बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
निरीक्षण अभियान के दौरान संबंधित पुलिस पदाधिकारी एवं प्रशासनिक कर्मी भी मौजूद रहे।



