ब्रजमोहन राम की राज्यपाल पद पर नियुक्ति झारखंड और दलित समाज के लिए ऐतिहासिक गौरव का क्षण : अमर कुमार बाउरी

रांची: भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री अमर कुमार बाउरी ने पलामू के तीन बार सांसद एवं पूर्व विधायक रहे वरिष्ठ भाजपा नेता श्री ब्रजमोहन राम को ओडिशा का राज्यपाल नियुक्त किए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे झारखंड और विशेष रूप से दलित समाज के लिए ऐतिहासिक एवं गौरवपूर्ण क्षण बताया है।
श्री बाउरी ने कहा कि शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर झारखंड को यह गौरवपूर्ण समाचार प्राप्त हुआ है। श्री ब्रजमोहन राम एक सरल, मृदुभाषी, समर्पित एवं जमीन से जुड़े कार्यकर्ता रहे हैं। उन्हें राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद की जिम्मेदारी सौंपना भारतीय जनता पार्टी की कार्यकर्ता आधारित संगठनात्मक संस्कृति और सामाजिक समरसता के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण है।
उन्होंने कहा कि झारखंड के दलित समाज से आने वाले एक साधारण कार्यकर्ता को इतना बड़ा संवैधानिक दायित्व मिलना पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह एवं भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त किया।
श्री बाउरी ने कहा, “यह केवल भारतीय जनता पार्टी में ही संभव है कि समाज के अंतिम पायदान से आने वाला एक साधारण कार्यकर्ता अपनी निष्ठा, समर्पण और जनसेवा के बल पर राज्यपाल जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक पद तक पहुँच सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने बार-बार सिद्ध किया है कि भाजपा के लिए सामाजिक न्याय केवल नारा नहीं, बल्कि व्यवहार और निर्णयों में दिखाई देने वाला संकल्प है।”
उन्होंने कहा कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर द्वारा निर्मित संविधान प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार और अवसर प्रदान करता है। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में दलित, पिछड़े, वंचित और लंबे समय तक हाशिए पर रहे समाज के लोगों को सम्मानजनक प्रतिनिधित्व देकर इसी संवैधानिक भावना को साकार किया जा रहा है।
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए श्री बाउरी ने कहा कि कांग्रेस ने दशकों तक दलित समाज के वोटों के सहारे सत्ता का सुख भोगा, लेकिन उन्हें वास्तविक सम्मान और नेतृत्व देने के बजाय केवल वोट बैंक तक सीमित रखा।

उन्होंने कहा, “कांग्रेस ने दलितों को वोट बैंक समझा, जबकि प्रधानमंत्री मोदी जी उन्हें सम्मान, अवसर और नेतृत्व दे रहे हैं। यही कांग्रेस और भाजपा की सोच में मूल अंतर है। कांग्रेस को भाजपा से सीखना चाहिए कि सामाजिक न्याय और दलित सम्मान का वास्तविक अर्थ क्या होता है।”

श्री बाउरी ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सामाजिक समता और समरसता को मजबूत करने वाले अनेक ऐतिहासिक निर्णय लिए गए हैं। श्री ब्रजमोहन राम की नियुक्ति इसी विचारधारा और प्रतिबद्धता का एक और महत्वपूर्ण उदाहरण है। यह निर्णय समाज के वंचित वर्गों, विशेषकर युवा पीढ़ी को आगे बढ़ने और राष्ट्र निर्माण में योगदान देने की प्रेरणा देगा।

अंत में श्री बाउरी ने पूरे झारखंड एवं दलित समाज की ओर से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के राष्ट्रीय नेतृत्व का अभिनंदन करते हुए नवनियुक्त राज्यपाल श्री ब्रजमोहन राम को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
उन्होंने भगवान जगन्नाथ से श्री ब्रजमोहन राम के उत्तम स्वास्थ्य, सफल कार्यकाल तथा ओडिशा की प्रगति एवं जनकल्याण के लिए उनके संवैधानिक दायित्वों के सफल निर्वहन की मंगलकामना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *