रूपी सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल हुए बैद्यनाथ राम, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
रांची: झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता एवं दिशोम गुरु पूर्व मुख्यमंत्री स्मृतिशेष शिबू सोरेन की धर्मपत्नी रूपी सोरेन के अंतिम संस्कार में शामिल होने राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम गुरुवार को रामगढ़ के नेमरा पहुंचे। उन्होंने रूपी सोरेन के पार्थिव शरीर को नम आंखों से अंतिम विदाई दी और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर बैद्यनाथ राम ने कहा कि दिशोम गुरु शिबू सोरेन के निधन के बाद रूपी सोरेन परिवार और उनके जैसे लोगों के लिए एक अभिभावक की भूमिका में थीं। उनका स्नेह और मार्गदर्शन हमेशा मिलता रहा। उन्होंने कहा कि रूपी सोरेन का निधन उनके लिए व्यक्तिगत क्षति के साथ-साथ पूरे झारखंड के लिए भी अपूरणीय क्षति है।
बैद्यनाथ राम ने कहा, “गुरुजी के निधन के बाद माता रूपी सोरेन हमारे लिए गार्जियन के रूप में थीं। उनका मार्गदर्शन हमें बराबर मिलता रहता था। आज वे भी भगवान के पास चली गईं। उनका निधन हम सभी के लिए बेहद दुखद है।”
उन्होंने दिवंगत रूपी सोरेन की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की और कहा कि भगवान उन्हें अपने श्रीचरणों में स्थान दें। इस दौरान नेमरा में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे और लोगों ने नम आंखों से रूपी सोरेन को अंतिम विदाई दी।


