रांची में एम्स की स्थापना और अहमदाबाद के लिए सीधी ट्रेन चलाने की मांग, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया से मिला चैम्बर का प्रतिनिधिमंडल

रांची : केंद्रीय श्रम एवं रोजगार, युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया के रांची दौरे के दौरान फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रतिनिधिमंडल ने उनसे मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए। प्रतिनिधिमंडल ने राजधानी रांची में एम्स की स्थापना, अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी रेल सेवा शुरू करने तथा खेलगांव के जीर्णोद्धार के लिए केंद्रीय सहयोग की मांग की। इस दौरान रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ से भी उद्योग और व्यापार से जुड़े विषयों पर सकारात्मक चर्चा हुई।
चैम्बर अध्यक्ष तुलसी पटेल ने कहा कि अहमदाबाद और रांची के बीच सीधी रेल सेवा नहीं होने से यात्रियों को काफी परेशानी होती है। झारखंड के रांची, डालटनगंज, लोहरदगा और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजगार, व्यापार, शिक्षा और इलाज के लिए गुजरात जाते हैं। सीधी ट्रेन नहीं होने के कारण उन्हें दूसरे मार्गों से यात्रा करनी पड़ती है। उन्होंने अहमदाबाद से छायापुरी, उज्जैन, भोपाल, कटनी, सिंगरौली, चोपन, डालटनगंज और लोहरदगा होते हुए रांची तक सुपरफास्ट या अमृत भारत एक्सप्रेस चलाने का प्रस्ताव रखा।प्रतिनिधिमंडल ने रांची में एम्स की स्थापना की जरूरत बताते हुए कहा कि इससे झारखंड के कई जिलों के अलावा पड़ोसी राज्यों के सीमावर्ती इलाकों के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी। वहीं, चैम्बर ने खेलगांव की बदहाल स्थिति पर चिंता जताते हुए विशेष कमेटी गठित कर सर्वेक्षण, मरम्मत और रखरखाव कराने की मांग की। कहा गया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस खेल परिसर को विकसित कर आगामी कॉमनवेल्थ गेम्स सहित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के आयोजन के योग्य बनाया जाना चाहिए।केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया ने इन मांगों पर आवश्यक सहयोग और कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में अध्यक्ष तुलसी पटेल, सह सचिव अमित शर्मा, पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *