मिथिला दलान में धूमधाम से मनाया गया सामा-चकेबा पर्व, मैथिली गीतों ने बांधा समां

रांची: झारखंड मैथिली मंच की ओर से मंगलवार को मिथिला दलान परिसर में सामा-चकेबा पर्व धूमधाम और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। भाई-बहन के प्रेम और आपसी स्नेह का प्रतीक यह पर्व मिथिलांचल की समृद्ध लोकसंस्कृति और परंपरा से जुड़ा हुआ है। इस अवसर पर महिलाओं ने मिट्टी से सामा और चकेबा की आकर्षक प्रतिमाएं तैयार कर उन्हें प्रदर्शित किया और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।
कार्यक्रम के दौरान मिथिला की पारंपरिक संस्कृति की झलक देखने को मिली। मंच पर एक से बढ़कर एक मैथिली लोकगीत और संगीत की प्रस्तुतियां दी गईं। गीत-संगीत के माध्यम से कलाकारों ने मिथिला की सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया। उपस्थित लोगों ने भी कार्यक्रम का आनंद लिया।
मौके पर झारखंड मैथिली मंच के अध्यक्ष जयंत झा ने कहा कि सामा-चकेबा मिथिला का महत्वपूर्ण पारंपरिक पर्व है। यह भाई-बहन के अटूट प्रेम, विश्वास और स्नेह का संदेश देता है। ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी भाषा, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है।इस अवसर पर बीजेपी नेता अरुण झा, मंजू झा, अंजू झा और बेटी पाठक ने भी सामा-चकेबा पर्व की विशेषताओं और इसके सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में मैथिली समाज के लोगों की भागीदारी रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *