चंदवे जतरा मेले में 40 से अधिक खोड़ा दलों ने बिखेरी जनजातीय संस्कृति की छटा

रांची : कांके प्रखंड के चंदवे में बारह पड़हा देवठान जतरा पूजा समिति की ओर से जतरा मेले का भव्य आयोजन किया गया। मेले में 40 से अधिक खोड़ा दलों ने हिस्सा लिया और पारंपरिक नृत्य-संगीत के माध्यम से जनजातीय संस्कृति की समृद्ध विरासत को जीवंत किया। इस आयोजन में राजधानी रांची के अलावा दूसरे जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कांके विधायक सुरेश बैठा और रांची की महापौर रोशनी खलखो उपस्थित रहीं। इनके अलावा कई गणमान्य अतिथियों ने भी मेले में शिरकत की। इस अवसर पर पड़हा जतरा पूजा समिति के अध्यक्ष प्रदीप मुंडा ने सभी खोड़ा दलों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप मुंडा ने कहा कि जतरा मेला आदिवासी समाज की संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकजुटता को सहेजने का महत्वपूर्ण माध्यम है। आदिवासी समाज की सांस्कृतिक विरासत बेहद समृद्ध है। ऐसे आयोजनों से न केवल पारंपरिक नृत्य-संगीत और रीति-रिवाजों को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलती है, बल्कि समाज के लोगों को आपस में मिलने-जुलने का अवसर भी मिलता है। उन्होंने कहा कि जतरा में सामाजिक रिश्ते मजबूत होते हैं और कई बार विवाह संबंधों की बातचीत भी इसी मंच पर होती है।
विधायक सुरेश बैठा और महापौर रोशनी खलखो ने भी जतरा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ऐसे आयोजन जनजातीय संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के साथ सामाजिक एकता को भी मजबूत करते हैं। मेले में पारंपरिक नृत्य-संगीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का मन मोह लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *