भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम पहुंचे,स्टॉल का किया निरीक्षण

रांची : नई दिल्ली के भारत मंडपम (प्रगति मैदान) में आयोजित 45वें भारत अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के तहत झारखंड दिवस समारोह का आयोजन किया गया। इसमें राज्यसभा सांसद बैद्यनाथ राम शामिल हुए। उन्होंने भगवान बिरसा मुंडा और दिशोम गुरु स्वर्गीय शिबू सोरेन की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की और दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस दौरान सांसद ने झारखंड पवेलियन के 24 स्टॉलों और पलाश मार्ट के 18 स्टॉलों का निरीक्षण किया। यहां हस्तशिल्प, खादी, स्थानीय उद्यमियों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार उत्पादों को प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा मोती की खेती, उद्योग, स्वास्थ्य और रोजगार से जुड़ी योजनाओं एवं पहलों की जानकारी भी दी गई।
समारोह के दौरान एम्फीथिएटर-1 में सांस्कृतिक संध्या का आयोजन हुआ। इसमें कलाकारों ने छऊ, नागपुरी, मुंडारी, संथाली और घोड़ा नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। पारंपरिक वेशभूषा और लोकनृत्यों के माध्यम से कलाकारों ने झारखंड की समृद्ध जनजातीय संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित किया। मेले में झारखंड के स्थानीय उत्पादों और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने का प्रयास किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *