राज्यपाल से झारखंड चैंबर के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों की शिष्टाचार भेंट
रांची : फेडरेशन ऑफ झारखंड चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने गुरुवार को लोकभवन में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान राज्य में व्यापार, उद्योग, निवेश, रोजगार और आर्थिक विकास को गति देने से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव नितिन मदन कुलकर्णी भी मौजूद रहे।

चैंबर के प्रतिनिधिमंडल ने राज्य में निवेश और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने के लिए बेहतर विधि-व्यवस्था और अनुकूल कारोबारी वातावरण को जरूरी बताते हुए राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा। चैंबर ने विधि-व्यवस्था में सुधार के लिए विशेष पहल करने, वर्तमान ट्रेड लाइसेंस व्यवस्था की समीक्षा करने तथा व्यापारियों के लिए अनावश्यक प्रक्रियात्मक जटिलताओं को कम करने का सुझाव दिया।
प्रतिनिधिमंडल ने युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए उद्योगों तथा शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से व्यावहारिक प्रशिक्षण, इंटर्नशिप और रोजगारोन्मुख कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। साथ ही एमएसएमई और स्थानीय उद्यमियों को मजबूत करने के लिए प्रभावी सहयोग तंत्र विकसित करने तथा सरकारी खरीद में स्थानीय उद्यमियों को अधिक अवसर देने का सुझाव दिया गया।
चैंबर ने विभिन्न नगर निकायों में बढ़ते होल्डिंग टैक्स पर भी चिंता जताई। प्रतिनिधिमंडल ने करदाताओं की संख्या बढ़ाकर कर आधार के विस्तार पर ध्यान देने की बात कही। अध्यक्ष तुलसी पटेल ने महिला उद्यमिता, खनिज संपदा आधारित मूल्यवर्धन उद्योग, कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग तथा ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों के स्थानीय उत्पादों की ब्रांडिंग और बाजार विस्तार को बढ़ावा देने के सुझाव दिए।

धार्मिक और पर्यटन सुविधाओं को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई। चैंबर ने बाबा बैद्यनाथ धाम मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में स्थायी पर्यटक पुलिस व्यवस्था तथा मंदिर के निकट पर्यटक थाना स्थापित करने का सुझाव दिया, ताकि पर्यटकों की शिकायतों और समस्याओं का त्वरित समाधान हो सके।
राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने चैंबर की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी समिति को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने राज्य के आर्थिक और सामाजिक विकास में उद्योग जगत की सक्रिय भूमिका पर जोर देते हुए चैंबर की ओर से रखे गए सुझावों पर उचित स्तर पर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। उन्होंने विकास से जुड़े विषयों पर निरंतर संवाद बनाए रखने की बात भी कही।
प्रतिनिधिमंडल में चैंबर अध्यक्ष तुलसी पटेल, उपाध्यक्ष विकास विजयवर्गीय, महासचिव रोहित अग्रवाल, सह सचिव अमित शर्मा, सह सचिव पूजा ढाढा और कोषाध्यक्ष नवजोत अलंग शामिल थे।


