जिलिंगबुरु नाला पर बनेगा उच्चस्तरीय पुल, तोरपा में विकास को मिलेगी नई रफ्तार: सुदीप गुड़िया

खूंटी: तोरपा प्रखंड के हुसीर पंचायत अंतर्गत जिलिंगबुरु नाला पर उच्चस्तरीय पुल निर्माण कार्य का शुक्रवार को विधिवत शिलान्यास सांसद कालीचरण मुंडा और तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने संयुक्त रूप से किया। मौके पर सांसद कालीचरण मुंडा ने कहा कि पुल के निर्माण से क्षेत्र के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने के साथ गांवों की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।


लंबे समय से ग्रामीणों की प्रमुख मांग रहे इस पुल के बनने से विद्यार्थियों, किसानों, मजदूरों, व्यापारियों और आम लोगों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। बरसात के दौरान नाला पार करने में होने वाली परेशानियों से भी ग्रामीणों को राहत मिलने की उम्मीद है। पुल बनने के बाद आसपास के गांवों के लोगों का प्रखंड मुख्यालय और अन्य प्रमुख स्थानों तक पहुंचना आसान होगा।
शिलान्यास कार्यक्रम में सांसद कालीचरण मुंडा, झामुमो जिला अध्यक्ष जुबेर अहमद, झामुमो जिला एवं प्रखंड समिति तोरपा के पदाधिकारी, विधायक प्रतिनिधि जेम्स आइंद, सोशांति कोनगाड़ी, शिशिर तोपनो, हुसीर पंचायत के मुखिया समेत बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
तोरपा विधायक सुदीप गुड़िया ने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनसुविधाओं के विस्तार को लेकर हमारी सरकार प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि तोरपा विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जनता की जरूरतों को प्राथमिकता देने की दिशा में यह पुल बहुत महत्वपूर्ण है।
वहीं ग्रामीणों ने पुल निर्माण की पहल का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। स्थानीय लोगों का कहना है कि पुल बनने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि शिक्षा, कृषि, रोजगार और व्यापार से जुड़ी गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *