स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर खूंटी में सांस्कृतिक कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां
खूंटी: स्वतंत्रता दिवस 2026 की पूर्व संध्या पर बिरसा कॉलेज बहुउद्देशीय हॉल में जिला प्रशासन की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त मो. जावेद हुसैन और पुलिस अधीक्षक ऋषभ गर्ग मुख्य रूप से शामिल हुए। जिले के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीत, नृत्य और नाट्य प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में आरसी बालक मध्य विद्यालय, नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुरहू, डीएवी पब्लिक स्कूल, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय सहित विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों ने प्रस्तुतियां दीं। देशभक्ति गीतों, नृत्य और नाट्य कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया। प्रस्तुतियों के माध्यम से देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र के प्रति गौरव का संदेश दिया गया।
प्रतियोगिता में प्रथम स्थान आरसी बालक मध्य विद्यालय खूंटी और नेताजी सुभाषचंद्र बोस आवासीय विद्यालय ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मुरहू, डीएवी पब्लिक स्कूल खूंटी और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय बालिका को मिला। तृतीय स्थान जिला मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय खूंटी ने हासिल किया।
उपायुक्त मो. जावेद हुसैन ने विद्यार्थियों और शिक्षकों की मेहनत की सराहना करते हुए सभी प्रतिभागियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए संघर्ष करने वाले वीर सेनानियों और देश की रक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को याद करने का अवसर देता है।
एसपी ऋषभ गर्ग ने विद्यार्थियों से अनुशासन, मेहनत और जिम्मेदारी के साथ बेहतर नागरिक बनने का आह्वान किया। कार्यक्रम में उप विकास आयुक्त प्रवीण कुमार प्रकाश सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं, अभिभावक और स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।


