छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा का झारखंड बंद, रांची में दिखा व्यापक असर

रांची : JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितता और छात्रों पर लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा द्वारा आहूत झारखंड बंद का राजधानी रांची में व्यापक असर देखने को मिल रहा है। मंगलवार को सुबह से ही शहर के कई प्रमुख इलाकों में दुकानें, बाजार और निजी प्रतिष्ठान बंद नजर आए। सड़कों पर भी सामान्य दिनों की अपेक्षा कम संख्या में टेंपो और यात्री वाहन चलते दिखाई दिए। बंद के कारण शहर की सामान्य रफ्तार प्रभावित हुई है।
बंद को सफल बनाने के लिए भाजपा कार्यकर्ता सुबह से ही अलग-अलग इलाकों में सड़कों पर उतर गए। हाथों में पार्टी के झंडे और बैनर लेकर कार्यकर्ताओं ने राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से अपने प्रतिष्ठान बंद रखने की अपील की। वहीं, कुछ जगहों पर सड़क पर टायर जलाकर विरोध प्रदर्शन किया गया। इससे कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।
प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। राजधानी के प्रमुख चौक-चौराहों, संवेदनशील इलाकों और महत्वपूर्ण मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। पुलिस लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। बंद के दौरान प्रदर्शन कर रहे भाजपा नेता कमलेश राम समेत कुछ कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
भाजपा नेताओं का आरोप है कि JPSC और JSSC की भर्ती परीक्षाओं में लगातार अनियमितताओं की शिकायतें सामने आ रही हैं। छात्रों की मांगों को लेकर आंदोलन के दौरान पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई और लाठीचार्ज ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। पार्टी का कहना है कि छात्रों को न्याय मिलने तक उनका संघर्ष जारी रहेगा।
राजधानी रांची के अलावा राज्य के विभिन्न जिलों से भी बंद के असर की खबरें सामने आ रही हैं। कई जगहों पर बाजार बंद कराने को लेकर भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे हैं। प्रशासन की ओर से लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है। बंद को देखते हुए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार हालात पर नजर रख रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *