छात्र आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की भाजपा की कोशिश बेनकाब: दीपिका पांडेय सिंह
रांची: झारखंड सरकार में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने छात्र आंदोलन को लेकर भाजपा पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग देने की कोशिश कर रही है, लेकिन अब उसकी यह रणनीति पूरी तरह बेनकाब हो गई है।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि भाजपा ने झारखंड बंद का आह्वान किया, लेकिन आंदोलनरत छात्रों ने खुद इस बंद से दूरी बना ली। इससे स्पष्ट है कि छात्र अपनी मांगों को लेकर संघर्ष कर रहे हैं और वे अपने आंदोलन को किसी राजनीतिक दल के एजेंडे का हिस्सा नहीं बनाना चाहते। उन्होंने कहा कि भाजपा ने छात्रों की लड़ाई को अपने राजनीतिक हितों के लिए इस्तेमाल करने की कोशिश की, जिसे छात्रों ने ही नकार दिया है।
ग्रामीण विकास मंत्री ने कहा कि कांग्रेस और झारखंड की महागठबंधन सरकार छात्रों के साथ मजबूती से खड़ी है। सरकार की प्राथमिकता आंदोलन को राजनीति का अखाड़ा बनाना नहीं, बल्कि छात्रों की जायज मांगों का समाधान निकालना है। उन्होंने कहा कि सरकार छात्रों की समस्याओं को गंभीरता से ले रही है और बातचीत तथा संवैधानिक प्रक्रिया के माध्यम से समाधान का रास्ता निकाला जाएगा।
उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी का भी जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों के मुद्दे पर स्पष्ट रूप से अपनी बात रखी है। संसद का सत्र चल रहा है और सरकार को उम्मीद है कि छात्रों के हितों से जुड़े विषयों पर आगे भी ठोस पहल होगी।
दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि छात्रों की आवाज को दबाया नहीं जाएगा। उनकी जायज मांगों को सुना जाएगा और समाधान निकालने की दिशा में सरकार आवश्यक कदम उठाएगी। उन्होंने राजनीतिक दलों से भी छात्रों के भविष्य से जुड़े इस मुद्दे को राजनीतिक लाभ-हानि से ऊपर रखने की अपील की।

