मुहर्रम पर रांची महानगर अल्पसंख्यक कांग्रेस ने लगाया स्वागत मंच, अखाड़ा धारियों का किया सम्मान

रांची: राजधानी रांची में मुहर्रम के अवसर पर विभिन्न अखाड़ों द्वारा आकर्षक जुलूस और मनमोहक झांकियां निकाली गईं। शहर के मेन रोड पर अलग-अलग क्षेत्रों से पहुंचे अखाड़ों का जमावड़ा लगा, जहां पारंपरिक करतबों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। एक अखाड़े द्वारा फाइटर विमान की झांकी प्रस्तुत की गई, जबकि मिसाइलमैन की तस्वीर भी प्रदर्शित की गई, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटे।
मुहर्रम जुलूस के दौरान अल्बर्ट एक्का चौक सहित कई स्थानों पर विभिन्न राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की ओर से स्वागत मंच लगाए गए। इन मंचों पर जुलूस में शामिल अखाड़ा धारियों और श्रद्धालुओं का ठंडा शर्बत पिलाकर स्वागत किया गया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कई अखाड़ों को सम्मानित भी किया गया।
इसी कड़ी में डेली मार्केट के समीप रांची महानगर अल्पसंख्यक कांग्रेस की ओर से भी स्वागत मंच का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व महानगर अल्पसंख्यक कांग्रेस के अध्यक्ष हुसैन खान ने किया। उन्होंने अखाड़ा धारियों का स्वागत करते हुए कहा कि हजरत इमाम हुसैन ने इस्लाम और इंसानियत की रक्षा के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान दिया। उनकी शहादत पूरी दुनिया को यह संदेश देती है कि सत्य और न्याय की हमेशा विजय होती है तथा अत्याचार के सामने कभी झुकना नहीं चाहिए।
हुसैन खान ने कहा कि मुहर्रम केवल मातम का पर्व नहीं, बल्कि त्याग, बलिदान और गंगा-जमुनी तहजीब का प्रतीक है। इसी भावना के साथ रांची महानगर अल्पसंख्यक कांग्रेस हर वर्ष स्वागत मंच लगाकर अखाड़ा धारियों का सम्मान करती है और बेहतर प्रदर्शन करने वाले अखाड़ों को प्रोत्साहित करने के लिए सम्मानित भी करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *